Edited By Vijay, Updated: 24 Sep, 2026 10:32 PM

हिमाचल प्रदेश की राजनीति में सत्तापक्ष और विपक्ष के बीच जुबानी जंग तेज हो गई है। हमीरपुर के विधायक आशीष शर्मा ने राज्य की सत्ताधारी कांग्रेस सरकार पर तीखा पलटवार किया है।
हमीरपुर (राजीव): हिमाचल प्रदेश की राजनीति में सत्तापक्ष और विपक्ष के बीच जुबानी जंग तेज हो गई है। हमीरपुर के विधायक आशीष शर्मा ने राज्य की सत्ताधारी कांग्रेस सरकार पर तीखा पलटवार किया है। उन्होंने कांग्रेस नेताओं को खुली चुनौती देते हुए कहा है कि यदि उन्हें लगता है कि उनके द्वारा लगाए गए भ्रष्टाचार के आरोप झूठे या तथ्यहीन हैं, तो वे उन पर मानहानि का मुकद्दमा दायर कर सकते हैं।
विधायक आशीष शर्मा ने स्पष्ट किया कि वे भ्रष्टाचार के खिलाफ अपनी आवाज उठाना बंद नहीं करेंगे। उन्होंने कड़े शब्दों में चेतावनी देते हुए कहा कि जो कोई भी भ्रष्टाचार में संलिप्त होगा, वे उसके खिलाफ मुखर होकर बोलेंगे। शर्मा ने दावा किया कि वे बिना किसी आधार के आरोप नहीं लगा रहे हैं, बल्कि भ्रष्टाचार से जुड़े सभी पुख्ता तथ्य और साक्ष्य उनके पास मौजूद हैं।
राज्य सरकार की पुलिस कार्रवाई पर निशाना साधते हुए आशीष शर्मा ने कहा कि प्रदेश सरकार उन्हें दबाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने बताया कि सरकार अब तक उनके खिलाफ 3 अलग-अलग मामलों में एफआईआर दर्ज करवा चुकी है। हालांकि, उन्होंने स्पष्ट किया कि वे इन मुकद्दमों और सरकार की कार्रवाई से डरने वाले नहीं हैं। सरकार पर बदले की भावना से काम करने का आरोप लगाते हुए विधायक ने कहा कि लोकतंत्र में सबसे बड़ी अदालत जनता की होती है। आने वाले समय में प्रदेश की जनता इस कार्रवाई का उचित और कड़ा जवाब सरकार को खुद दे देगी।
हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें