Edited By Kuldeep, Updated: 18 Aug, 2026 08:19 PM

मयाड़ घाटी में बादल फटने से करपट के ग्रामीण खतरे में पड़ गए हैं। सोमवार सायं अचानक बादल फटने से नाले में भयंकर बाढ़ आ गई।
मनाली (सोनू): मयाड़ घाटी में बादल फटने से करपट के ग्रामीण खतरे में पड़ गए हैं। सोमवार सायं अचानक बादल फटने से नाले में भयंकर बाढ़ आ गई। कुछ ग्रामीण खेतों में काम के चलते गांव से बाहर थे वो सुरक्षित टैंटों में बैठ गए लेकिन जो घरों में हैं उनकी नीद उड़ गई। हालांकि कोई जानी नुक्सान नहीं है लेकिन खेतों सहित सड़कों व पुल को भारी नुक्सान हुआ है। कुछ ग्रामीण हालात खराब होता देख झूले की मदद से सुरक्षित स्थानों में चले गए लेकिन कुछ एक ग्रामीण व भेड़पालक गांव में फंसे हुए हैं। गत दिनों विधायक अनुराधा राणा ने ग्रामीणों की दिक्कत को देखते हुए जंगल में रेन हाऊस बनाया है। आज अधिकतर लोगों ने रेन हाऊस में शरण ली। दूसरी ओर सुबह के समय नेनगाहर में बादल फटा।
बादल फटने से चौखंग-नेनगाहर सड़क क्षतिग्रस्त हो गई है। लाहौल-स्पीति की विधायक अनुराधा राणा ने बताया कि बादल फटने से मयाड़ घाटी में भारी नुक्सान हुआ है। उन्होंने बताया कि प्रशासन को यथासंभव मदद करने के आदेश दे दिए हैं। उन्होंने बताया कि हालांकि सभी ग्रामीण जंगल में लगाए हुए टैंटों में पहुंच गए हैं लेकिन तीन लोग गांव के बीच में फंसे हैं। विधायक ने बताया कि बीडीसी सदस्य अंजलि कटोच मौके पर हैं और हालात पर नजर रखे हुए हैं। उन्होंने बताया कि प्रशासन को इन लोगों को भी सुरक्षित स्थान में पहुंचाने के निर्देश दे दिए हैं। ग्रामीणों की यथासम्भव मदद की जाएगी।