Himachal: मंडी के हटली क्षेत्र में तेंदुए की दहशत, पेड़ पर बैठकर शिकार खाने का वीडियो वायरल

Edited By Vijay, Updated: 06 Sep, 2026 11:18 AM

leopard in mandi

हिमाचल प्रदेश के जिला मंडी के हटली क्षेत्र में तेंदुए की हलचल से स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है। रिहायशी इलाके के समीप तेंदुए द्वारा एक सुअर के बच्चे का शिकार करने का मामला सामने आया है।

मंडी (रजनीश): हिमाचल प्रदेश के जिला मंडी के हटली क्षेत्र में तेंदुए की हलचल से स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है। रिहायशी इलाके के समीप तेंदुए द्वारा एक सुअर के बच्चे का शिकार करने का मामला सामने आया है। इस पूरी घटना का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसके बाद से ग्रामीण खौफजदा हैं। प्राप्त जानकारी के अनुसार  यह घटना कुछ दिन पूर्व की है। स्थानीय निवासी अश्वनी शर्मा और भटेड शिव मंदिर के महंत मधुरवन ने बताया कि सुबह करीब साढ़े 5 बजे भटेड शिव मंदिर के समीप एक तेंदुए ने सुअर के बच्चे पर हमला कर उसे अपना शिकार बना लिया।

आम के पेड़ पर बैठकर खाया शिकार
प्रत्यक्षदर्शियों और वायरल वीडियो के अनुसार तेंदुआ शिकार करने के बाद सुअर के बच्चे को मुंह में दबाकर पास ही स्थित एक आम के पेड़ पर चढ़ गया। वह काफी देर तक पेड़ की डाल पर बैठकर अपने शिकार को खाता रहा। इसी दौरान सुबह पानी की सप्लाई सुचारू करने जा रहे एक वाटर गार्ड की नजर पेड़ पर बैठे तेंदुए पर पड़ गई। उसने सतर्कता बरतते हुए इस पूरी घटना को अपने मोबाइल कैमरे में रिकॉर्ड कर लिया।

PunjabKesari

सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं ग्रामीण
आबादी वाले क्षेत्र के इतने करीब तेंदुए की मौजूदगी और शिकार की इस घटना ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि तेंदुआ रिहायशी इलाकों के आसपास मंडरा रहा है। इसे देखते हुए ग्रामीणों को विशेष रूप से सुबह और शाम के समय अतिरिक्त सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है, क्योंकि इस समय मवेशियों और बच्चों को सबसे अधिक खतरा रहता है।

वन विभाग से कार्रवाई की मांग
इस घटना के बाद ग्रामीणों ने वन विभाग से तुरंत संज्ञान लेने की अपील की है। स्थानीय लोगों ने मांग की है कि विभाग क्षेत्र में गश्त (पेट्रोलिंग) बढ़ाए और तेंदुए की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए ट्रैप कैमरे लगाए। साथ ही, किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए तेंदुए को आबादी वाले क्षेत्र से दूर खदेड़ने या रेस्क्यू करने के लिए उचित और त्वरित कदम उठाए जाएं।

हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें 

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!