Edited By Kuldeep, Updated: 19 Nov, 2026 06:21 PM

विधानसभा के शीतकालीन सत्र के चौथे दिन वीरवार को विपक्षी भाजपा विधायकों ने महिलाओं को 1500 रुपए मासिक आर्थिक सहायता देने की चुनावी गारंटी को लेकर सरकार के खिलाफ मोर्चा खोला।
तपोवन (धर्मशाला): विधानसभा के शीतकालीन सत्र के चौथे दिन वीरवार को विपक्षी भाजपा विधायकों ने महिलाओं को 1500 रुपए मासिक आर्थिक सहायता देने की चुनावी गारंटी को लेकर सरकार के खिलाफ मोर्चा खोला। नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर की अगुवाई में भाजपा विधायकों ने विधानसभा परिसर में नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया और सरकार से महिलाओं को 4 साल की बकाया राशि 72 हजार रुपए एकमुश्त जारी करने की मांग उठाई।
नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस ने सत्ता में आने से पहले पहली कैबिनेट बैठक में 18 से 60 वर्ष की महिलाओं को 1500 रुपए प्रतिमाह देने की गारंटी दी थी, लेकिन सरकार को सत्ता में आए करीब 4 साल हो चुके हैं और अधिकांश पात्र महिलाओं को इस योजना का लाभ नहीं मिला है। उन्होंने कहा कि अब महिलाओं को केवल 1500 रुपए देने की बात नहीं होनी चाहिए, बल्कि 4 साल की पूरी बकाया राशि 72 हजार रुपए एक साथ दी जानी चाहिए।
भाजपा विधायक दल महिलाओं की मांग का पूरा समर्थन करता है और उनके अधिकारों की लड़ाई को सदन से लेकर सड़क तक उठाता रहेगा। भाजपा ने सरकार से मांग की कि बिना किसी देरी के इस गारंटी को पूरा किया जाए और सभी पात्र महिलाओं को इसका लाभ दिया जाए।