Edited By Vijay, Updated: 25 Aug, 2026 12:31 PM

हिमाचल प्रदेश के चम्बा जिले के भरमौर में मंगलवार सुबह एक अजीबोगरीब और खौफनाक घटना ने लोगों की धड़कनें बढ़ा दीं। आसमान बिल्कुल साफ था, बारिश का कोई नामोनिशान नहीं था, लेकिन तभी....
चम्बा/भरमौर (उत्तम): हिमाचल प्रदेश के चम्बा जिले के भरमौर में मंगलवार सुबह एक अजीबोगरीब और खौफनाक घटना ने लोगों की धड़कनें बढ़ा दीं। आसमान बिल्कुल साफ था, बारिश का कोई नामोनिशान नहीं था, लेकिन तभी कोडला उरई घटोर रोड पर पहाड़ का एक बड़ा हिस्सा अचानक दरक कर सड़क पर आ गिरा। देखते ही देखते भारी मलबा और बड़े-बड़े पत्थर सड़क पर फैल गए, जिससे इस अहम मार्ग पर आवाजाही पूरी तरह ठप्प हो गई। अब पहाड़ के गिरने का वीडियो सोशल मीडिया में खूब वायरल हो रहा है।
घटना उस वक्त हुई जब लोग अपने रोजमर्रा के काम के लिए घरों से निकल रहे थे। भूस्खलन इतना अचानक और भयानक था कि मार्ग से गुजर रहे कई वाहन दोनों तरफ फंस गए। गनीमत यह रही कि मलबे की चपेट में कोई वाहन नहीं आया। पहाड़ी से रुक-रुक कर मलबा गिरने का सिलसिला जारी है, जिससे वहां खड़ा रहना भी जान जोखिम में डालने के बराबर है। वहीं सड़क बंद होने का सीधा असर रहनू कोठी, जगत, क्रूर और छतराड़ी पंचायतों पर पड़ा है। इन चार पंचायतों का संपर्क बाकी इलाकों से कट गया है। ग्रामीणों को स्कूल, अस्पताल और बाजार जाने के लिए अब मीलों लंबे वैकल्पिक रास्तों का सहारा लेना पड़ेगा।
साफ मौसम में हुए इस भूस्खलन ने ग्रामीणों में दहशत पैदा कर दी है। उनका कहना है कि बारिश में तो पहाड़ गिरते हैं, लेकिन सूखे मौसम में ऐसा होना चिंता का विषय है। घटना की सूचना मिलते ही लोक निर्माण विभाग और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंच गई है। मलबे को हटाने के लिए भारी मशीनरी तैनात कर दी गई है। हालांकि, ऊपर से अभी भी पत्थर गिरने के खतरे को देखते हुए प्रशासन ने लोगों से इस मार्ग की तरफ न जाने की अपील की है।
हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें