Kullu: होटल और सड़क से 23.690 ग्राम चिट्टे की खेप के साथ तीन गिरफ्तार

Edited By Kuldeep, Updated: 08 Aug, 2026 11:34 AM

kullu chitta accused arrested

नशे के अवैध कारोबार पर लगाम लगाने के लिए ज़िला पुलिस कुल्लू ने शिकंजा कस दिया है। पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई करते हुए कुल 23.690 ग्राम हैरोइन की खेप बरामद कर 3 लोगों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है।

कुल्लू (संजीव): ​नशे के अवैध कारोबार पर लगाम लगाने के लिए ज़िला पुलिस कुल्लू ने शिकंजा कस दिया है। पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई करते हुए कुल 23.690 ग्राम हैरोइन की खेप बरामद कर 3 लोगों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। दोनों ही मामलों में पुलिस ने मादक पदार्थ अधिनियम एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।

​जानकारी के अनुसार पुलिस थाना मनाली की टीम को 7 अगस्त को गुप्त सूचना मिली थी कि मॉडल टाउन मनाली स्थित एक निजी होटल में संदिग्ध गतिविधि चल रही है। सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए मनाली पुलिस टीम ने होटल के कमरे में दबिश दी। तलाशी के दौरान पंजाब के फतेहगढ़ साहिब ज़िले के रहने वाले 2 व्यक्तियों (आयु 26 वर्ष और 45 वर्ष) के कब्ज़े से 20.420 ग्राम हैरोइन बरामद हुई। मनाली पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर धारा 21 व 29 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है।

​उधर, पुलिस थाना कुल्लू की टीम ने गश्त के दौरान अपर बदाह-पाहनाला सड़क पर एक 33 वर्षीय संदिग्ध व्यक्ति को रोका। आरोपी गांव जिया डाकघर व तहसील भुंतर, ज़िला कुल्लू का निवासी बताया जा रहा है। तलाशी लेने पर उसके पास से 3.27 ग्राम हैरोइन बरामद की गई। कुल्लू पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 21 के तहत मामला दर्ज किया है।

​मामले की पुष्टि करते हुए पुलिस अधीक्षक कुल्लू अभिषेक शेखर ने बताया कि दोनों मामलों में गहनता से जांच की जा रही है। पुलिस पता लगाने में जुटी है कि यह नशीला पदार्थ कहां से लाया गया था और इसकी सप्लाई चेन में कौन-कौन से अन्य लोग या नैटवर्क शामिल हैं। दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। एसपी कुल्लू ने आम जनता से नशे के खिलाफ चलाए जा रहे इस अभियान में सहयोग की अपील की है। उन्होंने कहा कि यदि किसी के पास मादक पदार्थों की खरीद-बिक्री या तस्करी से जुड़ी कोई भी जानकारी हो, तो उसे तुरंत पुलिस के साथ साझा करें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह से गुप्त रखी जाएगी।

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!