Edited By Kuldeep, Updated: 09 Nov, 2026 09:14 PM

दीपावली के दौरान पटाखों से झुलसने के कुल 37 मामले सामने आए। अग्निशमन विभाग के आंकड़ों के अनुसार, प्रदेश में आग लगने की 126 घटनाओं में 52 मामले अन्य श्रेणी के रहे, जबकि जंगलों में आग लगने की 39 और मकानों में आग लगने की 35 घटनाएं दर्ज की गईं।
कांगड़ा (कालड़ा): दीपावली के दौरान पटाखों से झुलसने के कुल 37 मामले सामने आए। अग्निशमन विभाग के आंकड़ों के अनुसार, प्रदेश में आग लगने की 126 घटनाओं में 52 मामले अन्य श्रेणी के रहे, जबकि जंगलों में आग लगने की 39 और मकानों में आग लगने की 35 घटनाएं दर्ज की गईं। डॉ. राजेंद्र प्रसाद मैडीकल कॉलेज टांडा में 11 मामले आए। टांडा में चार लोग उपचार के लिए पहुंचे, जिनमें से तीन को छुट्टी दे दी गई। देहरा का 11 वर्षीय बच्चा हाथ में चोट लगने के कारण उपचाराधीन है। प्राचार्य डॉ. मिलाप शर्मा ने बताया कि बच्चे की हालत स्थिर है। वहीं, नागरिक चिकित्सालय पालमपुर में पटाखों से झुलसे 13 लोगों का उपचार किया गया।
एमएस डॉ. तिलक राज भागड़ा के अनुसार सभी घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया। राहत की बात यह रही कि किसी भी घायल की हालत गंभीर नहीं थी। शिमला शहर में पटाखों से जलने से शिमला के दो मुख्य अस्पताल आईजीएमसी व डीडीयू में करीब 12 लोग पटाखों से झुलसे और अस्पताल पहुंचे। इनमें से 4 लोग आईजीएमसी अस्पताल पहुंचे। वहीं कुछेक डीडीयू और 6 लोग सोमवार सुबह भी एमरजैंसी में इलाज के लिए पहुंचे।
हमीरपुर शहर और आसपास के क्षेत्रों में पटाखे चलाते समय सावधानी न बरतने के कारण 8 लोग मामूली रूप से झुलस गए। इन सभी के चेहरे और आंखों के पास पटाखों की चिंगारी लगने का मामले सामने आया है, जिसके बाद इन्हें तुरंत डॉ. राधाकृष्णन मैडीकल कालेज एवं अस्पताल हमीरपुर में दाखिल करवाया गया। राहत की बात यह है कि सभी मरीज पूरी तरह सुरक्षित हैं और किसी की भी आंखों की रोशनी को कोई नुक्सान नहीं पहुंचा है तथा सभी का उपचार चल रहा है। प्रदेशभर में 7 से 9 नवम्बर के बीच आग और बचाव से संबंधित कुल 126 कॉल अग्निशमन विभाग को प्राप्त हुईं। इन घटनाओं में करीब 1.01 करोड़ रुपए की संपत्ति जलकर राख हो गई। हालांकि, दमकल विभाग की मुस्तैदी से करीब 30.80 करोड़ रुपए की संपत्ति को आग की चपेट में आने से बचा लिया गया।
शिमला और आसपास दीपावली की रात कुल 18 स्थानों पर आग की घटनाएं दर्ज की गईं। इन घटनाओं में करीब 7 लाख रुपए की संपत्ति को नुक्सान पहुंचा, जबकि अग्निशमन विभाग के कर्मचारियों की त्वरित कार्रवाई से लगभग 3 करोड़ रुपए की संपत्ति को आग की भेंट चढ़ने से बचा लिया गया। जिला हमीरपुर में अग्निकांड की 5 छोटी-बड़ी घटनाएं सामने आईं। इन हादसों में जहां टौणी देवी क्षेत्र में एक गरीब पेंटर की जीवन भर की कमाई पल भर में स्वाह हो गई, वहीं 4 अन्य गांवों में गऊशालाएं जलने से पशुपालकों को लाखों रुपए का भारी नुक्सान उठाना पड़ा है। घटना में करीब 3 लाख रुपए के नुक्सान का अनुमान है।
इसके अतिरिक्त हमीरपुर जिले में 8 मामले, ऊना में 6, मनाली विधानसभा क्षेत्र में आग लगने की चार व बिलासपुर जिले में 4 मामले आग के सामने आए। मंडी जिले की ग्राम पंचायत कुम्मी के घट्टा गांव में दीवाली की रात 2 भाइयों की पशुशाला में आग लग गई जिससे 2 गाय झुलस गई हैं।
घुमारवीं में स्कूटी जला दी
बिलासपुर, 9 नवम्बर (रामसिंह): घुमारवीं उपमंडल के तहत ग्राम पंचायत अवारी खलीण के घुमाणी गांव में दीवाली की रात अज्ञात शरारती तत्वों ने घर के बाहर खड़ी स्कूटी को आग लगाकर जला दिया। पीड़ित अशोक कुमार ने पानी डालकर आग बुझाई लेकिन तब तक स्कूटी को काफी नुक्सान पहुंच चुका था।