कालाअम्ब अग्निकांड: उद्योग में दूसरे दिन भी उठती रहीं लपटें, डीसी ने किया घटनास्थल का निरीक्षण

Edited By Vijay, Updated: 03 Jul, 2026 09:36 PM

kalaamb fire incident

औद्योगिक क्षेत्र कालाअम्ब स्थित गत्ता निर्माण उद्योग में हुए भीषण अग्निकांड के बाद शुक्रवार को डीसी सिरमौर प्रियंका वर्मा ने घटनास्थल का निरीक्षण कर राहत एवं बचाव कार्यों की समीक्षा की।

कालाअम्ब: औद्योगिक क्षेत्र कालाअम्ब स्थित गत्ता निर्माण उद्योग में हुए भीषण अग्निकांड के बाद शुक्रवार को डीसी सिरमौर प्रियंका वर्मा ने घटनास्थल का निरीक्षण कर राहत एवं बचाव कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों और उद्योग प्रबंधन से घटना की जानकारी ली और आग लगने के कारणों की जांच करवाने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि देर रात आग पर नियंत्रण पा लिया गया। हालांकि शुक्रवार को भी कुछ स्थानों पर धुआं और लपटें उठती रहीं, जिन पर दमकल कर्मी लगातार नजर बनाए रहे। उन्होंने बताया कि आसपास की औद्योगिक इकाइयों ने अपने फायर फाइटिंग सिस्टम एवं अग्निशमन उपकरण उपलब्ध करवाकर सराहनीय सहयोग दिया, जिससे आग को अन्य उद्योगों तक फैलने से रोका जा सका। उन्होंने क्षेत्र के सभी उद्योगों को अग्नि सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन करने और फायर सेफ्टी उपकरणों को हमेशा कार्यशील रखने के निर्देश दिए। उद्योग के मालिक अनिरुद्ध अग्रवाल ने बताया कि इस अग्निकांड में उद्योग को करोड़ों रुपए का नुक्सान हुआ है।

उद्योग से स्क्रैप चोरी कर ले जाते 3 ट्रैक्टर पकड़े
करोड़ों के नुक्सान के बीच फैक्टरी से जला हुआ स्क्रैप चुराने की कोशिश भी की गई। पुलिस ने उद्योग के मालिक अनिरुद्ध अग्रवाल की शिकायत पर कार्रवाई की है। शिकायत के अनुसार 2 जुलाई को फैक्टरी में लगी आग के बाद जले हुए गत्ता रोल और अन्य स्क्रैप को खुले स्थान पर डंप करने का काम मोहित क्रेन सर्विस को सौंपा गया था। इसी दौरान कंपनी के कर्मचारियों को शक हुआ कि कुछ अज्ञात ट्रैक्टर भी फैक्टरी से स्क्रैप ले जा रहे हैं। कर्मचारियों ने जब पीछा किया तो तीन ट्रैक्टरों (नंबर एचआर 04के- 2090, एचआर 04एम-6439 और एचआर 04एल-0407) को कबाड़ गोदामों की ओर जाते हुए रोका गया। पूछताछ में ट्रैक्टरों पर मौजूद व्यक्तियों की पहचान शिव कुमार, प्रमोद, पंकज और धीरज के रूप में हुई है, जो बिना अनुमति फैक्टरी का स्क्रैप कबाड़ गोदाम ले जा रहे थे। एसपी सिरमौर एनएस नेगी ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि फैक्टरी प्रबंधन की शिकायत के आधार पर पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है और कबाड़ चोरी मामले की आगामी जांच शुरू कर दी गई है।

हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें

Related Story

    Trending Topics

    img title
    img title

    Be on the top of everything happening around the world.

    Try Premium Service.

    Subscribe Now!