Edited By Kuldeep, Updated: 30 Aug, 2026 05:54 PM

जाहू में शनिवार देर शाम 132 केवी की हाई वोल्टेज बिजली लाइन के प्रभाव में आने से 2 युवक गंभीर रूप से झुलस गए।
जाहू (राघव): जाहू में शनिवार देर शाम 132 केवी की हाई वोल्टेज बिजली लाइन के प्रभाव में आने से 2 युवक गंभीर रूप से झुलस गए। हादसे में एक युवक की हालत नाजुक होने के कारण उसे प्राथमिक उपचार के बाद पीजीआई चंडीगढ़ रैफर किया गया है, जबकि दूसरे युवक को छुट्टी दे दी गई है। जानकारी के अनुसार पंजाब निवासी गुरप्रीत (17) और उत्तर प्रदेश निवासी सुखदेव (17) शाम के समय टहलने निकले थे। दोनों सुनहेल खड्ड के किनारे भू-कटाव रोकने के लिए लगाए गए सपार के ऊपर से गुजर रहे थे। इसी स्थान के ठीक ऊपर से 132 केवी की हाई वोल्टेज बिजली की तारें गुजर रही हैं। हालांकि युवकों ने तारों को सीधा स्पर्श नहीं किया था, लेकिन हाई वोल्टेज लाइन के तेज प्रभाव के कारण वे अचानक करंट की चपेट में आ गए और झुलस कर नीचे गिर पड़े।
इस घटना के तुरंत बाद क्षेत्र की बिजली बंद हो गई। इस घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और दोनों युवकों को उपचार के लिए बलद्वाड़ा अस्पताल पहुंचाया। कम झुलसे सुखदेव को प्राथमिक इलाज के बाद डिस्चार्ज कर दिया गया, जबकि गंभीर रूप से झुलसे गुरप्रीत को एम्स के बाद पीजीआई चंडीगढ़ रैफर कर दिया गया। इस घटना की सूचना मिलते ही बिजली विभाग के कर्मचारियों ने तत्काल बिजली आपूर्ति बंद कर दी, जिससे संभावित बड़े हादसे को टाला जा सका। इस संबंध में जाहू पुलिस चौकी प्रभारी अजय कुमार ने बताया कि इस मामले की जांच की जा रही है।