Edited By Vijay, Updated: 22 Oct, 2026 04:45 PM

जिला मुख्यालय कुल्लू के समीपवर्ती क्षेत्र बाशिंग में एक घर की रसोई में गैस सिलेंडर लीक होने के कारण अचानक आग भड़क गई। इस हादसे में एक महिला और तीन मासूम बच्चे झुलस गए हैं।
कुल्लू (शम्भू): जिला मुख्यालय कुल्लू के समीपवर्ती क्षेत्र बाशिंग में एक घर की रसोई में गैस सिलेंडर लीक होने के कारण अचानक आग भड़क गई। इस हादसे में एक महिला और तीन मासूम बच्चे झुलस गए हैं। सभी घायलों को तुरंत उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। गनीमत यह रही कि स्थानीय लोगों की मुस्तैदी से आग को पूरे घर में फैलने से पहले ही रोक लिया गया, जिससे एक बड़ा जानी नुक्सान होने से टल गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार यह घटना कुल्लू पुलिस थाना क्षेत्र के अंतर्गत आते बाशिंग गांव में किंतु देवी पत्नी जोगी राम के घर पेश आई। घटना के समय किंतु देवी घर पर ही थीं और उनके साथ 7, 8 और 10 वर्ष की आयु के तीन बच्चे भी मौजूद थे। रसोई में अचानक गैस सिलेंडर से रिसाव शुरू हुआ और देखते ही देखते आग भड़क गई। आग की तेज लपटों की चपेट में आने से महिला और तीनों बच्चे मामूली रूप से झुलस गए।
घटना का पता चलते ही आसपास के ग्रामीण तुरंत मौके पर इकट्ठा हो गए। लोगों ने बिना समय गंवाए अपने स्तर पर ही आग बुझाने के प्रयास शुरू कर दिए और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। हालांकि, इस घटना में रसोई घर में रखा सारा सामान जलकर राख हो गया है। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार इस घटना में करीब एक लाख रुपए की संपत्ति का नुक्सान हुआ है। राहत की बात यह है कि बच्चों और महिला को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
अग्निशमन विभाग कुल्लू के अधिकारी प्रेम ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि उन्हें बाशिंग में आग लगने की सूचना मिली थी। विभाग की टीम तुरंत अलर्ट हो गई थी, लेकिन स्थानीय ग्रामीणों ने समझदारी दिखाते हुए दमकल वाहन के पहुंचने से पहले ही अपने स्तर पर आग को पूरी तरह से बुझा लिया था। फिलहाल सभी घायल खतरे से बाहर बताए जा रहे हैं।
हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें