Edited By Vijay, Updated: 08 Oct, 2026 06:58 PM

हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय (एचपीयू) ने राष्ट्रीय शिक्षा नीति के तहत स्नातक प्रथम सैमेस्टर की परीक्षाओं की टैंटेटिव डेटशीट जारी कर दी है। विश्वविद्यालय द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार प्रथम सैमेस्टर की परीक्षाएं 28 अक्तूबर से शुरू होंगी....
शिमला (अभिषेक): हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय (एचपीयू) ने राष्ट्रीय शिक्षा नीति के तहत स्नातक प्रथम सैमेस्टर की परीक्षाओं की टैंटेटिव डेटशीट जारी कर दी है। विश्वविद्यालय द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार प्रथम सैमेस्टर की परीक्षाएं 28 अक्तूबर से शुरू होंगी और 18 नवम्बर तक चलेंगी। छात्र यह डेटशीट विश्वविद्यालय की आधिकारिक वैबसाइट से डाऊनलोड कर सकते हैं।
इन कोर्सिज की डेटशीट की गई अपलोड
विश्वविद्यालय के परीक्षा नियंत्रक प्रो. श्याम लाल कौशल ने जानकारी देते हुए बताया कि बीए, बीएससी, बीकॉम, बीटीटीएम, बीवॉक, बीबीए, बीसीए और बीएचएम प्रथम सैमेस्टर की टैंटेटिव डेटशीट वैबसाइट पर अपलोड कर दी गई है। सभी छात्र समय रहते अपनी डेटशीट चैक कर लें।
पेपर क्लैश होने पर 12 अक्तूबर तक दर्ज करें आपत्ति
विश्वविद्यालय प्रशासन ने छात्रों को विशेष निर्देश देते हुए कहा है कि डेटशीट को ध्यानपूर्वक चैक करें। यदि किसी विद्यार्थी के दो पेपर (विषय) एक ही दिन और एक ही समय पर निर्धारित हो गए हैं, तो इसकी सूचना तुरंत विश्वविद्यालय को दें। पेपर क्लैश से संबंधित आपत्तियां छात्र 12 अक्तूबर तक ई-मेल के माध्यम से विश्वविद्यालय के सहायक रजिस्ट्रार (कंडक्ट) को भेज सकते हैं।
13 अक्तूबर को जारी होगी फाइनल डेटशीट
विश्वविद्यालय ने स्पष्ट किया है कि छात्रों और कॉलेजों की ओर से प्राप्त आपत्तियों की जांच और सुधार के बाद अंतिम डेटशीट 13 अक्तूबर को जारी कर दी जाएगी। 13 अक्तूबर के बाद पेपरों के आपसी टकराव (क्लैश) को लेकर किसी भी प्रकार की आपत्ति या निवेदन स्वीकार नहीं किया जाएगा। इसके साथ ही, एचपीयू प्रशासन ने संबंधित सभी कॉलेजों के प्रधानाचार्यों को भी निर्देश दिए हैं कि वे जारी की गई टैंटेटिव डेटशीट का अपने स्तर पर मिलान कर लें और यदि कोई विसंगति हो, तो निर्धारित अवधि के भीतर विश्वविद्यालय को सूचित करें ताकि समय पर सुधार किया जा सके।
हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें