Weather Update: हिमाचल में 1-2 जुलाई को भारी बारिश का अलर्ट, 4 जिलों में चलेंगी तूफानी हवाएं; जानें कब पहुंचेगा मानसून

Edited By Vijay, Updated: 26 Jun, 2026 08:12 PM

himachal weather update

हिमाचल प्रदेश में प्री-मानसून की गतिविधियों ने अब पूरी तरह से रफ्तार पकड़ ली है। शुक्रवार को राजधानी शिमला और मशोबरा सहित प्रदेश के कई क्षेत्रों में झमाझम बारिश हुई, जिससे लोगों को उमस भरी गर्मी से काफी राहत मिली है।

शिमला (संतोष): हिमाचल प्रदेश में प्री-मानसून की गतिविधियों ने अब पूरी तरह से रफ्तार पकड़ ली है। शुक्रवार को राजधानी शिमला और मशोबरा सहित प्रदेश के कई क्षेत्रों में झमाझम बारिश हुई, जिससे लोगों को उमस भरी गर्मी से काफी राहत मिली है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार अगले 3 से 4 दिनों में दक्षिण-पश्चिम मानसून के हिमाचल पहुंचने के लिए परिस्थितियां पूरी तरह से अनुकूल बन गई हैं।

मशोबरा में 35 मिलीमीटर बारिश, मैदानी इलाकों में गर्मी बरकरार
मौसम विभाग के अनुसार, वर्तमान में हो रही यह बारिश सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ का परिणाम है। शुक्रवार को बारिश के बाद शिमला के तापमान में गिरावट दर्ज की गई। मशोबरा में सर्वाधिक 35 मिलीमीटर और शिमला शहर में 8.6 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई। इसके अलावा नारकंडा में 2.5, जुब्बड़हट्टी में 2.4 और भुंतर में 1.8 मिलीमीटर बारिश हुई। वहीं, पिछले 24 घंटों में रोहड़ू में 20 और सराहन में 15.5 मिमी बारिश दर्ज की गई। एक तरफ जहां पहाड़ियों पर बारिश से मौसम सुहावना हुआ है, वहीं मैदानी इलाकों में पसीना छुड़ाने वाली गर्मी अभी भी जारी है। नेरी 38.6 डिग्री सेल्सियस के साथ प्रदेश का सबसे गर्म क्षेत्र रहा। ऊना में 37.8, कांगड़ा व सुंदरनगर में 36 और शिमला में अधिकतम तापमान 24.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

इस बार लगभग एक सप्ताह की देरी से दस्तक देगा मानसून
मौसम विज्ञान केंद्र ने बताया कि मानसून की उत्तरी सीमा अभी 20 डिग्री उत्तरी अक्षांश के पास है और अगले कुछ दिनों में यह उत्तराखंड के रास्ते हिमाचल में प्रवेश करेगी। आमतौर पर हिमाचल में मानसून आने की सामान्य तिथि 25 जून मानी जाती है। बीते वर्ष यह समय से पहले 20 जून को ही आ गया था। इस बार चूंकि जून का आखिरी सप्ताह बीतने को है, ऐसे में यह स्पष्ट है कि मानसून इस वर्ष लगभग एक सप्ताह की देरी से प्रदेश में अपनी विधिवत दस्तक देगा।

चम्बा, कांगड़ा, कुल्लू और मंडी जिलों में चलेंगी तूफानी हवाएं
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, 30 जून तक पूरे प्रदेश में मौसम मिला-जुला रहेगा और हल्की बूंदाबांदी का दौर जारी रहेगा, लेकिन जुलाई की शुरूआत के साथ ही मानसून पूरी तरह सक्रिय हो जाएगा। मौसम विभाग ने 1 और 2 जुलाई को प्रदेश के कई हिस्सों में भारी वर्षा की संभावना जताते हुए यैलो अलर्ट जारी किया है। इसके साथ ही चम्बा, कांगड़ा, कुल्लू और मंडी जिलों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तूफानी हवाएं चलने और तेज बिजली चमकने की चेतावनी भी दी गई है।

हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें

Related Story

    Trending Topics

    img title
    img title

    Be on the top of everything happening around the world.

    Try Premium Service.

    Subscribe Now!