Edited By Kuldeep, Updated: 30 Sep, 2026 07:43 PM

देश के प्रतिष्ठित राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान हमीरपुर के होस्टलों में मंगलवार रात को सुरक्षा व्यवस्था को धत्ता बताकर छात्रों के कमरों से हजारों की नकदी और कीमती सामान उड़ाने वाले एक बेहद शातिर युवक को सदर पुलिस द्वारा गिरफ्तार किया गया है।
हमीरपुर (अजय): देश के प्रतिष्ठित राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान हमीरपुर के होस्टलों में मंगलवार रात को सुरक्षा व्यवस्था को धत्ता बताकर छात्रों के कमरों से हजारों की नकदी और कीमती सामान उड़ाने वाले एक बेहद शातिर युवक को सदर पुलिस द्वारा गिरफ्तार किया गया है। आरोपी की पहचान आदित्य के रूप में हुई है, जो खुद को आईआईटी मंडी का इंजीनियरिंग छात्र बताकर कैंपस में घूम रहा था। पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस जांच में सामने आया है कि सोमवार को आरोपी योजना बनाकर मंडी से हमीरपुर पहुंचा तथा कैंपस और होस्टलों के भीतर आसानी से दाखिल होने के लिए उसने एनआईटी का फेक पहचान पत्र इस्तेमाल किया, ताकि किसी को उस पर शक न हो। होस्टलों में दाखिल होने के बाद उसने उन कमरों की रैकी की जिनके दरवाजे खुले थे या जहां छात्र मौजूद नहीं थे। मौका पाकर वह कमरों के भीतर घुसा और नकदी समेत अन्य सामान पर हाथ साफ कर दिया।
चोरी से कैंपस में हड़कंप, पुलिस को दी सूचना
होस्टलों से पैसे और कीमती सामान गायब होने की भनक लगते ही एनआईटी कैंपस में हड़कंप मच गया। सुरक्षा व्यवस्था में हुई इस भारी चूक को लेकर भी सवाल खडे़ हुए। जानकारी मिली है कि मंगलवार रात को पहले इस आरोपी ने उदयगिरि होस्टल में नकदी चोरी की थी और उसके उपरांत वह चोरी करने के इरादे से हिमगिरि होस्टल में पहुंचा, परन्तु छात्रों ने उसे संदिग्ध मानते हुए पकड़ लिया। एनआईटी प्रशासन ने तुरंत इसकी शिकायत सदर पुलिस थाने में दर्ज करवाई। पुलिस ने भी सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचकर तलाशी के दौरान उसके कब्जे से करीब 20 हजार रुपए से अधिक की चोरी की नकदी और सामान बरामद किया है।
आईआईटी मंडी का पुराना छात्र है युवक
इसके बारे में एनआईटी की रजिस्ट्रार डॉ. अर्चना ननोटी ने बताया कि आईआईटी मंडी से उक्त युवक के बारे में पूछताछ की गई, जानकारी मिली है कि उक्त युवक वहां का ड्रॉप आऊट छात्र है। उन्होंने बताया कि एनआईटी में सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी जाएगी। उक्त युवक ने एंट्री गेट पर किसी और के पहचान पत्र पर अपना फोटो चिपका कर सिक्योरिटी गार्ड को दिखाया था, हालांकि उसने हार्ड कॉपी नहीं सिर्फ मोबाइल में लिए गए फोटो को सिक्योरिटी कार्ड को दिखाया था। उन्होंने बताया कि सूचना मिली है कि उक्त युवक कुछ मानसिक रूप से अस्वस्थ है।
इसके बारे में एएसपी राजेश उपाध्याय ने बताया कि सदर पुलिस ने आरोपी युवक को मंगलवार रात को एन.आई.टी. से गिरफ्तार कर लिए था। उसे बुधवार को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे 3 दिन के पुलिस रिमांड पर भेजने के आदेश जारी हुए हैं।