Edited By Kuldeep, Updated: 22 Apr, 2026 07:46 PM

हिमाचल प्रदेश तकनीकी विश्वविद्यालय हमीरपुर ने पुनर्मूल्यांकन का परिणाम घोषित कर दिया है। तकनीकी विश्वविद्यालय के कुलसचिव एवं परीक्षा नियंत्रक अनुपम कुमार ठाकुर ने बताया कि पुनर्मूल्यांकन के लिए बीटैक, बी.फार्मेसी, एमबीए व एमसीए सहित सभी विषयों के...
हमीरपुर (ब्यूरो): हिमाचल प्रदेश तकनीकी विश्वविद्यालय हमीरपुर ने पुनर्मूल्यांकन का परिणाम घोषित कर दिया है। तकनीकी विश्वविद्यालय के कुलसचिव एवं परीक्षा नियंत्रक अनुपम कुमार ठाकुर ने बताया कि पुनर्मूल्यांकन के लिए बीटैक, बी.फार्मेसी, एमबीए व एमसीए सहित सभी विषयों के 5084 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया था, जिसमें से 4225 का परिणाम जारी किया है। उपरोक्त परिणाम अभ्यर्थी तकनीकी विश्वविद्यालय की वैबसाइट पर देख सकते हैं। उन्होंने बताया कि 858 उत्तर पुस्तिकाएं पुनर्मूल्यांकन के लिए भेजी गई हैं, जिसका परिणाम जल्द ही घोषित किया जाएगा।
27 अप्रैल तक बिना लेट फीस भरें परीक्षा फॉर्म
तकनीकी विश्वविद्यालय हमीरपुर ने मई व जून माह से प्रस्तावित नियमित सैमेस्टर और री-अपीयर परीक्षा के लिए ऑनलाइन परीक्षा फॉर्म भरने की प्रक्रिया जारी है। तकनीकी विश्वविद्यालय व संबंधित शिक्षण संस्थानों के विद्यार्थी व री-अपीयर परीक्षा देने वाले 27 अप्रैल तक बिना लेट फीस ऑनलाइन फॉर्म भर सकते हैं और 28 अप्रैल के बाद लेट फीस लगेगी, जिसके बारे में विस्तृत जानकारी तकनीकी विश्वविद्यालय की वैबसाइट पर उपलब्ध है। कुलसचिव एवं परीक्षा नियंत्रक अनुपम कुमार ठाकुर ने बताया कि अगले माह प्रस्तावित परीक्षा के लिए ऑनलाइन परीक्षा फॉर्म भरने के लिए पोर्टल खोल दिया है और अभ्यर्थी तय तिथि में परीक्षा देने के लिए ऑनलाइन फॉर्म भर सकते हैं।
उन्होंने कहा कि बीटैक, बीफार्मेसी, एमबीए, एमसीए, एमटैक व एम.फार्मेसी सहित सभी यूजी और पीजी विषयों की परीक्षा की संभावित तिथियां भी जल्द ही जारी कर दी जाएंगी। उन्होंने बताया कि परीक्षा के आयोजन को लेकर सभी तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है, ताकि परीक्षा सही ढंग से संचालित हो सके। वहीं इस बारे में सभी परीक्षा केंद्र को सूचित कर दिया गया है।
डिग्री पूरा करने वाले अभ्यर्थियों को क्लास/ग्रेड सुधारने का मौका
हिमाचल प्रदेश तकनीकी विश्वविद्यालय हमीरपुर ने सीबीसीएस और एनईपी के तहत स्नातक व स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों में डिग्री पूरी करने वाले अभ्यर्थियों को अपनी क्लास/ग्रेड सुधारने का अवसर देने का निर्णय लिया है। जो अभ्यर्थी अपनी क्लास/ग्रेड सुधार करना चाहते हैं, वे 11 मई तक ऑफलाइन परीक्षा फॉर्म तकनीकी विश्वविद्यालय में जमा कर सकते हैं।