Edited By Kuldeep, Updated: 21 Nov, 2026 10:07 PM

हिम आंचल पैंशनर्ज संघ के प्रदेशाध्यक्ष केसी गौतम के नेतृत्व में संघ के प्रतिनिधिमंडल ने विधानसभा परिसर तपोवन में मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू के साथ पैंशनरों की लंबित मांगों और समस्याओं को लेकर बैठक की।
हमीरपुर (अनिरुद्ध): हिम आंचल पैंशनर्ज संघ के प्रदेशाध्यक्ष केसी गौतम के नेतृत्व में संघ के प्रतिनिधिमंडल ने विधानसभा परिसर तपोवन में मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू के साथ पैंशनरों की लंबित मांगों और समस्याओं को लेकर बैठक की। बैठक के दौरान संघ के पदाधिकारियों ने पैंशनरों से जुड़े विभिन्न मुद्दों को प्रमुखता से उठाते हुए मुख्यमंत्री को एक ज्ञापन भी सौंपा। इस दौरान पैंशनरों ने जनवरी, 2016 से जनवरी, 2022 के बीच सेवानिवृत्त हुए पैंशनरों के बकाया पैंशन एरियर, ग्रैच्युटी और लीव-इनकैशमैंट के भुगतान का विषय रखा। उन्होंने मैडीकल बिलों के भुगतान के लिए अतिरिक्त बजट आबंटित करने, महंगाई भत्ते की जारी किस्तों के एरियर का भुगतान करने, पैंशनर्ज जेसीसी के गठन तथा डिजिटल लाइफ सर्टीफिकेट जमा करवाने में पैंशनरों को आ रहीं व्यावहारिक दिक्कतों का मामला भी उठाया।
इस अवसर पर संघ की ओर से पैंशनर्स जेसीसी के गठन की मांग पर मुख्यमंत्री ने कहा कि जब वह संघ के कहने पर इसके बिना ही सभी कार्य कर रहे हैं तो इसके गठन की आवश्यकता क्या है। मुख्यमंत्री ने पैंशनरों की मांगों और समस्याओं को गंभीरता से सुना तथा भरोसा दिलाया कि सरकार लंबित मामलों के समाधान के लिए शीघ्र आवश्यक कदम उठाएगी। बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने पैंशनर दिवस के अवसर पर सभी पैंशनरों की बैठक बुलाने का भी उल्लेख किया। इससे यह संकेत मिले हैं कि 17 दिसम्बर को पैंशनर दिवस के मौके पर सरकार की ओर से पैंशनरों की मांगों को लेकर कोई घोषणा की जा सकती है।
इस मौके पर प्रदेशाध्यक्ष केसी गौतम के अलावा प्रदेश मुख्य संरक्षक योगराज शर्मा, प्रदेश महासचिव ओमराज कंवर, मुख्य संगठन सचिव पुरुषोत्तम दास शर्मा, वरिष्ठ उपप्रधान रंजीत सिंह, अवनीश कुमार, जगदीश चंद शर्मा कारगू, मदन लाल वन्याल, जगदीश चंद शर्मा सासन, जिला प्रधान देवराज पटियाल, हुक्म चंद शर्मा, वली राम ठाकुर, राम कुमार मक्खन, शिव कुमार कौड़ा, रत्न चंद डोगरा, मंजीत अरोड़ा, सुरेश ठाकुर, देवराज शांडिल, मोहन लाल, टेक चंद, नारायण सिंह व मनोहर लाल सहित कुल 22 पदाधिकारी मौजूद रहे।