Edited By Kuldeep, Updated: 11 Aug, 2026 08:56 PM

सांसद अनुराग सिंह ठाकुर ने दिल्ली में दिए प्रैस बयान में कहा कि झारखंड में छात्रों के विरोध-प्रदर्शन के दौरान सरकार की कार्रवाई को लेकर कांग्रेस और राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला है।
हमीरपुर (राजीव): सांसद अनुराग सिंह ठाकुर ने दिल्ली में दिए प्रैस बयान में कहा कि झारखंड में छात्रों के विरोध-प्रदर्शन के दौरान सरकार की कार्रवाई को लेकर कांग्रेस और राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि झारखंड में छात्रों के साथ जिस तरह सरकार बर्बरता कर रही है, वह राहुल गांधी की सोच और उनके समर्थन से चल रही राज्य सरकार की युवाओं के प्रति क्रूर मानसिकता को उजागर करता है।
उन्होंने कहा कि देश का युवा अपने अधिकारों, रोजगार व अपने भविष्य से जुड़े सवाल पूछ रहा है, लेकिन कांग्रेस की सरकारें उन सवालों का जवाब देने के बजाय युवाओं की आवाज दबाने का रास्ता अपना रही हैं। उन्होंने कहा कि जिस सरकार को छात्रों की समस्याएं सुननी चाहिए थीं, वही उनके लोकतांत्रिक विरोध के सामने दमन का रास्ता अपना रही है। उन्होंने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि राहुल गांधी गृह मंत्री से जवाब तो चाहते हैं परंतु खुद सदन में आने से बचते हैं।
जब संसद में देश के महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा होती है, तब उनकी गैर हाजिरी और बाहर आकर बयानबाजी उनकी गंभीरता पर सवाल खड़े करती है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी और कांग्रेस की राजनीति अब मुद्दों के समाधान की नहीं, बल्कि सुर्खियों में बने रहने की राजनीति बन चुकी है। उन्होंने कहा कि देश का युवा कांग्रेस से जवाब मांग रहा है कि लोकतांत्रिक तरीके से अपनी आवाज उठाने वाले छात्रों को दबाने की कोशिश क्यों की जा रही है।