Edited By Kuldeep, Updated: 23 Nov, 2026 04:39 PM

हिमाचल प्रदेश तकनीकी विश्वविद्यालय हमीरपुर ने दिसम्बर में प्रस्तावित परीक्षाओं का फाइनल शैड्यूल जारी कर दिया है।
हमीरपुर (ब्यूरो): हिमाचल प्रदेश तकनीकी विश्वविद्यालय हमीरपुर ने दिसम्बर में प्रस्तावित परीक्षाओं का फाइनल शैड्यूल जारी कर दिया है। इसके अनुसार तकनीकी विश्वविद्यालय व संबंधित शिक्षण संस्थानों के नियमित सैमेस्टर और री-अपीयर की परीक्षाएं 1 दिसम्बर से शुरू होंगी। तकनीकी विश्वविद्यालय ने बीटैक, बी. फार्मेसी, बीआर्क, बीएचएमसीटीए बीसीए., बीबीए, एम. फार्मेसी, फार्मा डी., एमबए, एमसीए, एमटैक, एम.एससी., एमए/एम.एससी. योग के नियमित सैमेस्टर और री-अपीयर परीक्षा का शैड्यूल जारी किया है। तकनीकी विश्वविद्यालय के कुलसचिव एवं परीक्षा नियंत्रक अनुपम कुमार ठाकुर ने कहा कि दिसम्बर माह में प्रस्तावित परीक्षा को लेकर तैयारियां शुरू हो गई हैं व परीक्षा की फाइनल तिथियां भी जारी कर दी हैं। इस बारे में सभी संबंधित शिक्षण संस्थानों को सूचित कर दिया है।
इसके अलावा परीक्षा केंद्रों में परीक्षा केंद्र अधीक्षकों की भी तैनाती कर दी है। उन्होंने बताया कि प्रदेशभर में तकनीकी विश्वविद्यालय सहित संबंधित शिक्षण संस्थानों में 38 परीक्षा केंद्र स्थापित किए गए हैं, जिसमें बीटैक व बी. फार्मेसी सहित अन्य यूजी और पीजी विषयों के नियमित सैमेस्टर और री-अपीयर के लगभग 29,000 परीक्षार्थी परीक्षा देंगे। उन्होंने बताया कि सभी संबंधित शिक्षण संस्थानों के निदेशक कम प्राचार्यों व परीक्षा केंद्र अधीक्षकों को भी परीक्षा के दौरान तय नियमों की पूर्ण पालना करने की हिदायत दी गई है।