Edited By Swati Sharma, Updated: 17 Nov, 2026 02:20 PM

नूरपुर विधानसभा में 2017 में 6,642 वोटों से जीतने वाले भाजपा नेता राकेश पठानिया को लेकर सियासी चर्चाएं तेज हो गई हैं। पिछली विधानसभा चुनाव में फतेहपुर सीट से चुनाव लड़कर कांग्रेस प्रत्याशी भवानी सिंह पठानिया के हाथों हार का सामना करने वाले राकेश...
नूरपुर (राहुल राणा) : नूरपुर विधानसभा में 2017 में 6,642 वोटों से जीतने वाले भाजपा नेता राकेश पठानिया को लेकर सियासी चर्चाएं तेज हो गई हैं। पिछली विधानसभा चुनाव में फतेहपुर सीट से चुनाव लड़कर कांग्रेस प्रत्याशी भवानी सिंह पठानिया के हाथों हार का सामना करने वाले राकेश पठानिया अब नूरपुर की राजनीति में सक्रिय नजर आ रहे हैं। नूरपुर की जनता का उन्हें भरपूर समर्थन दिखने को मिल रहा। ऐसे में सबसे बड़ा सवाल यह है कि आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा उन्हें टिकट कहां से देगी और क्या पार्टी के भीतर उनके लिए कोई सुरक्षित राजनीतिक विकल्प बचा है?
दरअसल, नूरपुर विधानसभा क्षेत्र से राकेश पठानिया 3 बार विधायक रह चुके हैं, लेकिन पिछले विधानसभा चुनाव में भाजपा ने उन्हें यहां से टिकट नहीं दिया था। यह राकेश पठानिया के लिए चौंकाने वाला फैसला था क्योंकि मंत्री रहने के बावजूद उनका टिकट काट दिया गया। पार्टी ने उनकी जगह रणवीर सिंह निक्का को चुनाव मैदान में उतारा। निक्का ने इस मौके को भुनाते हुए 18,752 वोटों के अंतर से चुनाव जीता। ऐसे में मौजूदा राजनीतिक परिस्थितियों में नूरपुर से रणवीर निक्का को मजबूत दावेदार माना जा रहा है।
नूरपुर में निक्का के रहते आसान नहीं होगी राह
नूरपुर में राकेश पठानिया की सक्रियता के बीच राजनीतिक गलियारों में यह चर्चा भी शुरू हो गई है कि क्या वह एक बार फिर इसी सीट से अपनी दावेदारी पेश करेंगे? हालांकि, रणवीर निक्का की पिछली बड़ी जीत उनके दावे को मजबूती देती है। उन्हें लोकल स्तर पर कांगड़ा-चंबा संसदीय क्षेत्र के सांसद डॉ. राजीव भारद्वाज का भी भरपूर समर्थन है। ऐसे में भाजपा के लिए भी मौजूदा विधायक की दावेदारी को नजरअंदाज करना आसान नहीं होगा। अगर टिकट को लेकर दोनों नेताओं के बीच खींचतान बढ़ती है तो पार्टी के सामने भी चुनौती खड़ी हो सकती है।
फतेहपुर में भी विरोध की चुनौती
दूसरी तरफ, अगर भाजपा राकेश पठानिया को फतेहपुर से चुनाव मैदान में उतारने पर विचार करती है तो वहां भी उनके सामने मुश्किलें कम नहीं हैं। फतेहपुर में स्थानीय भाजपा नेताओं की ओर से उनके संभावित प्रत्याशी बनाए जाने का विरोध सामने आ रहा है। मौजूदा समय जगदेव ठाकुर लगातार फतेहपुर विधानसभा में सनसंपर्क में हैं और कई मौकों पर रैलियां निकालकर शक्ति प्रदर्शन कर रहे हैं। इसके अलावा पंकज हैप्पी व ओपी चौधरी भी रेस में बने हुए हैं। ऐसे में पार्टी के लिए स्थानीय नेताओं और कार्यकर्ताओं को साथ लेकर चलना एक बड़ी चुनौती हो सकती है।
आजाद चुनाव लड़ने का विकल्प भी चर्चा में
इन परिस्थितियों के बीच अगर राकेश पठानिया नूरपुर से टिकट नहीं मिलने पर निर्दलीय चुनाव लड़ने का फैसला करते हैं तो इसे भाजपा के लिए सीधी राजनीतिक चुनौती के तौर पर देखा जाएगा। ऐसा कदम पार्टी के आधिकारिक प्रत्याशी के सामने मुश्किलें खड़ी कर सकता है। हालांकि, अभी तक उनके निर्दलीय चुनाव लड़ने को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है, लेकिन अटकलें बरकरार हैं।
आखिर राकेश पठानिया के पास क्या है विकल्प?
कुल मिलाकर राकेश पठानिया के सामने इस समय दो विधानसभा क्षेत्रों की राजनीति और भाजपा के भीतर टिकट की दावेदारी के बीच संतुलन बनाने की चुनौती दिखाई दे रही है। नूरपुर में रणवीर निक्का की मजबूत स्थिति है तो फतेहपुर में स्थानीय विरोध उनके रास्ते में बाधा बन सकता है। ऐसे में देखना दिलचस्प होगा कि राकेश पठानिया पार्टी के फैसले का इंतजार करते हैं, किसी एक सीट पर अपनी दावेदारी मजबूत करते हैं या फिर कोई अलग राजनीतिक रास्ता चुनते हैं। फिलहाल इतना तय है कि आगामी विधानसभा चुनाव से पहले राकेश पठानिया की सियासी रणनीति नूरपुर और फतेहपुर दोनों सीटों पर भाजपा की राजनीति को प्रभावित कर सकती है। राकेश पठानिया एक कद्दावर नेता हैं और कभी भी गेम चेंजर साबित हो सकते हैं। अगर वो नूरपुर से आजाद चुनाव लड़ते हैं तो निक्का के लिए मुश्किलें बहुत बढ़ जाएंगी। वहीं अगर फतेहपुर से टिकट मिलती है तो फिर स्थानीय नेताओं को मनाना हाई कमान का मुख्य काम होगा ताकि फतेहपुर विधानसभा में फिर से बीजेपी की लहर आ सके, अन्यथा एक बार फिर फतेहपुर में एकतरफा कांग्रेस की जीत तय है।