Edited By Vijay, Updated: 17 Nov, 2026 05:06 PM

सोशल मीडिया के आभासी संसार में घर बैठे मुनाफा कमाने की चाहत और सस्ते गैजेट्स का लालच इंसान को किस कदर कंगाल कर सकता है, इसका एक चौंकाने वाला उदाहरण उपमंडल अम्ब में सामने आया है।
अम्ब (अश्विनी): सोशल मीडिया के आभासी संसार में घर बैठे मुनाफा कमाने की चाहत और सस्ते गैजेट्स का लालच इंसान को किस कदर कंगाल कर सकता है, इसका एक चौंकाने वाला उदाहरण उपमंडल अम्ब में सामने आया है। साइबर शातिरों ने क्षेत्र के कुठेड़ा खैरला गांव की एक महिला को अपने जाल में फंसाकर करीब 10 लाख रुपए की रकम डकार ली। जालसाजों ने पहले मुनाफे और सस्ते आईफोन का सब्जबाग दिखाया और बाद में मारपीट के फर्जी वीडियो दिखाकर महिला को इस कदर खौफजदा कर दिया कि वह उनके बताए बैंक खातों में लाखों रुपए जमा करवाती चली गई। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस थाना अम्ब में भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4) के तहत मुकद्दमा दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी गई है।
पुलिस को सौंपी गई शिकायत में पीड़ित महिला ने अपने साथ हुई ठगी की परतें खोलते हुए बताया कि इस पूरे खेल की शुरूआत इंस्टाग्राम पर दिखे एक विज्ञापन से हुई थी। बीते मार्च माह में उसने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर घर बैठे पैसे कमाने से जुड़ा एक आकर्षक विज्ञापन देखा था। जब महिला ने विज्ञापन में दिए गए मोबाइल नंबर पर संपर्क साधा, तो शातिरों ने उसे कुछ लोगों की आईडी बनाने का काम सौंपा और इसके बदले मोटा मुनाफा देने का झांसा दिया। महिला ने उनके झांसे में आकर बताए गए तरीके से काम करना शुरू कर दिया।
ठगी का यह खेल उस वक्त और गहरा गया, जब अगस्त माह में शातिरों ने महिला को महज 70 हजार रुपए में महंगा आईफोन देने का लुभावना ऑफर दिया। सस्ते फोन के लालच में आकर महिला ने उसे बुक कर लिया, लेकिन इसके तुरंत बाद ही साइबर ठगों ने अपना असली रंग दिखाना शुरू कर दिया। महिला के पास अलग-अलग नंबरों से व्हाट्सएप कॉल आने का सिलसिला शुरू हो गया।
आरोप है कि अज्ञात जालसाजों ने कभी जीएसटी के भुगतान के नाम पर पैसे मांगे, तो कभी मारपीट के फर्जी वीडियो दिखाकर महिला को मानसिक रूप से डराया-धमकाया। दहशत और झांसे के इस खेल में उलझकर पीड़िता ने अलग-अलग बैंक खातों में कुल मिलाकर करीब 10 लाख रुपए जमा करवा दिए, जिसे शातिरों ने हड़प लिया। मामले की पुष्टि करते हुए डीएसपी अम्ब अनिल पटियाल ने बताया कि पुलिस ने पीड़िता की शिकायत के आधार पर संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया है। पुलिस अब बैंक खातों के लेन-देन और महिला द्वारा लगाए गए आरोपों से जुड़े तमाम तथ्यों की गहनता से पड़ताल कर रही है।
हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें