Edited By Vijay, Updated: 25 Nov, 2026 12:04 PM

वन्यजीवों की सुरक्षा और अवैध शिकार पर नकेल कसने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत पांवटा साहिब में वन विभाग की टीम को एक महत्वपूर्ण सफलता हाथ लगी है।
पांवटा साहिब (कपिल): वन्यजीवों की सुरक्षा और अवैध शिकार पर नकेल कसने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत पांवटा साहिब में वन विभाग की टीम को एक महत्वपूर्ण सफलता हाथ लगी है। पांवटा साहिब के रेंज ऑफिसर सुरेंद्र सिंह के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने वन क्षेत्र में अवैध शिकार के प्रयास को विफल करते हुए दो आरोपियों को रंगे हाथ पकड़ा है।
वन विभाग द्वारा पकड़े गए आरोपियों में से एक की पहचान दिनेश कुमार (32) के रूप में हुई है, जबकि इस मामले में संलिप्त दूसरा आरोपी नाबालिग है। कानूनी प्रावधानों और नियमों का पालन करते हुए विभाग ने नाबालिग की पहचान को सार्वजनिक नहीं किया है। मौके पर आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं और कागजी कार्रवाई पूरी करने के पश्चात नाबालिग को उसके पिता के सुपुर्द कर दिया गया है।
कार्रवाई के दौरान वन विभाग की टीम ने आरोपियों के कब्जे से दो सिंगल बैरल मजल लोडेड बंदूकें और दो संदिग्ध बैग जब्त किए हैं। जब टीम ने इन बैगों की तलाशी ली, तो उनमें से करीब दो मीटर लंबी क्लच वायर, विस्फोटक सामग्री, धातु के छर्रे और कपड़े के टुकड़े बरामद हुए। इसके अतिरिक्त, आरोपियों के पास से चाय बनाने का सामान भी मिला है, जो यह दर्शाता है कि वे जंगल में रुकने की पूरी तैयारी के साथ दाखिल हुए थे।
वन विभाग की प्रारंभिक जांच के अनुसार यह पूरा मामला सीधे तौर पर वन्यजीवों के अवैध शिकार के प्रयास से जुड़ा हुआ है। बरामद हथियारों और सामग्री को कब्जे में लेकर विभाग ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी शिकंजा कस दिया है। इस संबंध में वन्यजीव संरक्षण अधिनियम, 1972 की धारा 9, धारा 52 तथा धारा 2(16) और 2(35) के अंतर्गत मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।
हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें