Kangra: पत्रकारिता में सनसनी नहीं, तथ्यों और जवाबदेही को मिले प्राथमिकता : मुकेश अग्निहोत्री

Edited By Kuldeep, Updated: 16 Nov, 2026 06:23 PM

dharmashala accountability priority

सोशल मीडिया के बढ़ते प्रभाव और खबरों की होड़ के बीच पत्रकारिता की विश्वसनीयता बनाए रखना आज बड़ी चुनौती है। ऐसे दौर में पत्रकारों को सनसनी के बजाय तथ्यों, निष्पक्षता और अपनी जिम्मेदारी को प्राथमिकता देनी होगी।

धर्मशाला (प्रियंका): सोशल मीडिया के बढ़ते प्रभाव और खबरों की होड़ के बीच पत्रकारिता की विश्वसनीयता बनाए रखना आज बड़ी चुनौती है। ऐसे दौर में पत्रकारों को सनसनी के बजाय तथ्यों, निष्पक्षता और अपनी जिम्मेदारी को प्राथमिकता देनी होगी। यह बात उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने सोमवार को राष्ट्रीय प्रैस दिवस के अवसर पर धर्मशाला में आयोजित राज्य स्तरीय समारोह की अध्यक्षता करते हुए कही। समारोह का विषय पत्रकारिता : सनसनी या जिम्मेदारी रहा। मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि राष्ट्रीय प्रैस दिवस केवल शुभकामनाएं देने का अवसर नहीं, बल्कि पत्रकारिता में आए बदलावों और मौजूदा चुनौतियों पर आत्ममंथन करने का भी दिन है। उन्होंने कहा कि समाचार-पत्रों की विश्वसनीयता और प्रासंगिकता हमेशा बनी रहेगी। सोशल मीडिया के दौर में सूचनाओं का दायरा जरूर बढ़ा है, लेकिन पारंपरिक पत्रकारिता और सोशल मीडिया में बड़ा अंतर है। समाचार-पत्रों में खबर कई स्तरों पर जांच और सत्यापन के बाद प्रकाशित होती है, जबकि सोशल मीडिया पर कई बार बिना पुष्टि के सूचनाएं प्रसारित कर दी जाती हैं।

उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर रातोंरात प्रसिद्धि पाने की होड़ में सनसनीखेज सामग्री परोसने का चलन बढ़ा है। ऐसी स्थिति में जवाबदेही तय करना भी मुश्किल हो जाता है। पत्रकारिता का मूल धर्म है कि किसी भी खबर को प्रकाशित या प्रसारित करने से पहले सभी पक्षों और तथ्यों की जांच की जाए। उन्होंने पत्रकारों से सच्चाई और जनहित को केंद्र में रखकर काम करने का आह्वान किया। साथ ही कहा कि सरकारों के अच्छे कार्यों, विकास योजनाओं और जनकल्याण के प्रयासों को भी जनता तक पहुंचाना मीडिया की जिम्मेदारी है। उपमुख्यमंत्री ने कहा कि मोबाइल और सोशल मीडिया के कारण आज हर व्यक्ति सूचना प्रसारित कर सकता है। वहीं, लोगों की निजी पसंद, गतिविधियों और डेटा तक कंपनियों की पहुंच भी बढ़ रही है। ऐसे में पत्रकारिता के सामने नई चुनौतियां खड़ी हुई हैं।

उन्होंने कहा कि लिखा हुआ शब्द तलवार से भी गहरा घाव कर सकता है और प्रकाशित खबर हमेशा रिकॉर्ड में रहती है। इसलिए पत्रकार को अपनी लेखनी की ताकत के साथ उसकी जिम्मेदारी भी समझनी चाहिए। समारोह में वक्ताओं ने पत्रकारिता में अभिव्यक्ति की आजादी के साथ समझ, भाषा की मर्यादा और सामाजिक जिम्मेदारी को भी महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि आलोचना करते समय शब्दों का चयन और भाषा की गरिमा बनाए रखना जरूरी है। वरिष्ठ पत्रकारों का दायित्व है कि वे नई पीढ़ी को पत्रकारिता के बुनियादी मूल्य सिखाएं। खबर लिखते समय उसके सामाजिक प्रभाव और संबंधित व्यक्ति की संवेदनशीलता का ध्यान रखना चाहिए। पत्रकारिता का उद्देश्य केवल खबर को अधिक पढ़वाना नहीं, बल्कि सत्य और जनहित से जुड़ी जानकारी पाठकों तक पहुंचाना होना चाहिए।

पत्रकारिता में बढ़ती सनसनी की पांच बड़ी चुनौतियां
पत्रकारिता के मौजूदा स्वरूप पर चर्चा के दौरान पांच प्रमुख चुनौतियां सामने आईं। इनमें खोजपूर्ण और बड़ी खबरों का अभाव, छोटी घटनाओं को बढ़ा-चढ़ाकर पेश करना, तथ्यों की जांच किए बिना खबरें प्रसारित करना, मीडिया का राजनीतिक विचारधाराओं में बंटना और बिना प्रशिक्षण व बुनियादी जानकारी के गैर-जिम्मेदाराना रिपोर्टिंग करना शामिल है। वक्ताओं ने इन प्रवृत्तियों को पत्रकारिता की विश्वसनीयता के लिए चिंताजनक बताते हुए इंटरनैट और सोशल नैटवर्किंग साइटों के लिए प्रभावी नीति बनाने तथा मीडिया संस्थानों की जवाबदेही तय करने पर जोर दिया। समारोह में पूर्व विधायक अजय महाजन, सचिव सूचना एवं जनसंपर्क विभाग राकेश कंवर, निदेशक सूचना एवं जनसंपर्क राजीव कुमार सहित कांगड़ा और शिमला जिलों के बड़ी संख्या में पत्रकार मौजूद रहे।

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!