Kangra: दीपावाली की आतिशबाजी से कांगड़ा में 100 लोग झुलसे, दो टांडा रैफर

Edited By Kuldeep, Updated: 09 Nov, 2026 09:47 PM

dharamshala fireworks people sustained burns

दीवाली के त्यौहार पर पटाखे जलाते समय बरती गई असावधानी के कारण जिला कांगड़ा में विभिन्न स्थानों पर हादसों के मामले सामने आए हैं।

धर्मशाला (सुनील): दीवाली के त्यौहार पर पटाखे जलाते समय बरती गई असावधानी के कारण जिला कांगड़ा में विभिन्न स्थानों पर हादसों के मामले सामने आए हैं। छोटी दीवाली और दीवाली के दौरान जिले भर के नागरिक अस्पतालों व स्वास्थ्य केंद्रों में पटाखों से झुलसने के लगभग 100 मामले दर्ज किए गए। हालांकि, राहत की बात यह रही कि अस्पतालों में पहुंचे अधिकांश मरीजों को प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया, क्योंकि अधिकतर मामले हल्की बर्न इंजरी के थे। स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों के अनुसार, पालमपुर में करीब 13, नूरपुर में 14, शाहपुर में 9, थुराल में 5 और भवारना में 2 लोग आतिशबाजी से झुलसे। वहीं नगरोटा बगवां में 5 बच्चे, 3 महिलाएं और 7 वयस्कों सहित कुल 15 मरीज पहुंचे। इसके विपरीत गोपालपुर, फतेहपुर और जयसिंहपुर क्षेत्रों में ऐसा कोई भी मामला सामने नहीं आया। जिले भर में महज 2 मामलों को ही गंभीर स्थिति के कारण टांडा मैडीकल कॉलेज रैफर करना पड़ा।

ज्वालामुखी और धर्मशाला से टांडा रैफर हुए 2 गंभीर मरीज
जिले के प्रमुख अस्पतालों में दर्ज आंकड़ों पर नजर डालें तो ज्वालामुखी क्षेत्र में आतिशबाजी के कारण करीब 7 लोग झुलसे, जिनमें से 1 मरीज की गंभीर हालत को देखते हुए उसे डॉक्टर राजेंद्र प्रसाद राजकीय मैडीकल कॉलेज टांडा के लिए रैफर किया गया। इसके अलावा, धर्मशाला क्षेत्रीय अस्पताल में झुलसने के करीब 20 मामले सामने आए, जिनमें 13 वयस्क, 6 बच्चे और 1 अन्य बच्ची शामिल है। धर्मशाला में इलैक्ट्रिक बर्न से प्रभावित हुई एक बच्ची की स्थिति को देखते हुए उसे भी बेहतर इलाज के लिए टांडा भेजा गया। स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि पिछले वर्ष की तुलना में इस बार पटाखों से झुलसने के मामलों में कमी दर्ज की गई है, जो जागरूकता और संयमित आतिशबाजी का परिणाम है।

डॉ. अनुराधा शर्मा, एमएस, क्षेत्रीय अस्पताल धर्मशाला का कहना है कि अस्पताल में आए पटाखों से झुलसने के अधिकांश मामले मामूली चोटों के थे, जिनका समय पर उपचार कर दिया गया। अधिकांश चोटें हाथों और शरीर के ऊपरी हिस्से में आई हैं। लोगों को त्यौहारों पर ढीले कपड़े पहनकर पटाखे जलाने से बचना चाहिए और बच्चों को हमेशा बड़ों की देखरेख में ही आतिशबाजी करने देनी चाहिए। किसी भी प्रकार की दुर्घटना में प्रभावित हिस्से पर तुरंत ठंडा पानी डालना चाहिए और बिना देरी किए नजदीकी अस्पताल पहुंचना चाहिए।

।
पद्मश्री डॉ. ओमेश भारती सीएमओ कांगड़ा का कहना ​है कि पर्यावरण संरक्षण और सुरक्षित दीवाली को लेकर चलाए गए जागरूकता अभियानों के कारण इस बार पिछले साल के मुकाबले झुलसने के कम मामले सामने आए हैं। जहरीले धुएं और तेज पटाखों से जहां वायु व ध्वनि प्रदूषण पर अंकुश लगा है, वहीं हादसों में भी गिरावट आई है। आपात स्थिति से निपटने के लिए जिले के सभी स्वास्थ्य केंद्रों पर चिकित्सा टीमों को अलर्ट पर रखा गया था।

 

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!