Edited By Kuldeep, Updated: 19 Jul, 2026 04:32 PM

बाबा बालकनाथ मंदिर दियोटसिद्ध में जुलाई माह के ज्येष्ठ रविवार को आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। शनिवार रात से ही श्रद्धालुओं का मंदिर पहुंचना शुरू हो गया था और पूरी रात बाबा जी के जयकारों से मंदिर परिसर गूंजता रहा।
दियोटसिद्ध (रजत): बाबा बालकनाथ मंदिर दियोटसिद्ध में जुलाई माह के ज्येष्ठ रविवार को आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। शनिवार रात से ही श्रद्धालुओं का मंदिर पहुंचना शुरू हो गया था और पूरी रात बाबा जी के जयकारों से मंदिर परिसर गूंजता रहा। श्रद्धालुओं की भारी संख्या को देखते हुए मंदिर प्रशासन ने पूरी रात मंदिर के कपाट खुले रखे, ताकि दूर-दराज से पहुंचे श्रद्धालु बिना किसी परेशानी के बाबा जी के दर्शन कर सकें। मंदिर प्रशासन के अनुसार ज्येष्ठ रविवार पर हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, चंडीगढ़, जम्मू-कश्मीर व अन्य राज्यों से करीब 15 हजार श्रद्धालुओं ने बाबा जी की पवित्र गुफा मंदिर में माथा टेककर सुख, समृद्धि और परिवार की खुशहाली की कामना की। वहीं रविवार सुबह से लेकर देर शाम तक मंदिर परिसर, परिक्रमा मार्ग और बाजार क्षेत्र में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखने को मिली। श्रद्धालुओं की सुरक्षा व यातायात व्यवस्था को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा।
मंदिर अधिकारी राजेश शर्मा हाथ में फ्रैक्चर होने के बावजूद पूरे दिन ड्यूटी पर मुस्तैद रहे। उन्होंने बाबा जी की नगरी के अप्पर व लोअर बाजार का विस्तृत निरीक्षण कर श्रद्धालुओं के लिए की गई व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान बार-बार बिजली आपूर्ति बाधित होने से श्रद्धालुओं और स्थानीय दुकानदारों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। बिजली आपूर्ति बाधित होने की सूचना मिलते ही विद्युत विभाग की टीम मौके पर पहुंची और लाइन में आए फॉल्ट को ढूंढकर उसे दुरुस्त किया। इस संबंध में विद्युत विभाग के जे.ई. संजीव ने बताया कि लाइन में तकनीकी फॉल्ट आने के कारण बिजली आपूर्ति प्रभावित हुई थी जिसे दुरुस्त कर दिया गया। उन्होंने कहा कि भविष्य में ऐसी समस्या से बचने के लिए लाइन की निगरानी भी की जा रही है।
पुलिस चौकी दियोटसिद्ध के प्रभारी हितेश कुमार ने स्वयं मंदिर परिसर, मुख्य प्रवेश द्वार, बैरियर, पार्किंग स्थलों व भीड़ प्रबंधन व्यवस्था का लगातार निरीक्षण किया। उन्होंने ड्यूटी पर तैनात पुलिस एवं होमगार्ड जवानों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए, ताकि दर्शन व्यवस्था सुचारू बनी रहे। इस दौरान चिंतपूर्णी की एक धार्मिक संस्था द्वारा लोअर बाजार स्थित गेट नंबर-1 के पास लंगर का आयोजन किया गया। शनिवार रात से शुरू हुए इस लंगर में रविवार सुबह हजारों श्रद्धालुओं को नाश्ता और दोपहर में भोजन परोसा गया।
मन्नत पूरी हुई तो हाथों में ज्योति लेकर पंजाब का श्रद्धालु पहुंचा बाबा जी के दरबार
रविवार को आस्था और श्रद्धा का एक ऐसा दृश्य देखने को मिला, जिसने हर किसी को भावुक कर दिया। पंजाब का एक श्रद्धालु मन्नत पूरी होने पर मंदिर की पवित्र पौड़ियों से घुटनों के बल चढ़ाई करते हुए और हाथों में प्रज्वलित ज्योति लेकर बाबा के पावन दरबार में पहुंचा। कई श्रद्धालुओं ने इस अनोखी श्रद्धा को अपने मोबाइल कैमरों में कैद किया, जबकि कुछ लोगों ने बाबा जी के जयकारों के साथ श्रद्धालु का उत्साहवर्धन भी किया। श्रद्धालु ने बताया कि उसने कुछ समय पहले बाबा जी से एक विशेष मन्नत मांगी थी व मन्नत पूरी होने के बाद उसने प्रण लिया था कि वह घुटनों के बल चलकर और हाथों में ज्योति लेकर बाबा के दर्शन करेगा। बाबा की कृपा से मनोकामना पूरी होने पर उसने अपना संकल्प निभाते हुए दियोटसिद्ध पहुंचकर विधिवत पूजा-अर्चना की और बाबा जी का आशीर्वाद प्राप्त किया।