Edited By Kuldeep, Updated: 21 Jun, 2026 05:53 PM

बाबा बालक नाथ मंदिर दियोटसिद्ध में जून महीने के ज्येष्ठ रविवार को लगभग 25000 के करीब श्रद्धालुओं ने बाबा बालक नाथ की पवित्र गुफा के दर्शन किए और बाबा जी से आशीर्वाद लिया।
दियोटसिद्ध (रजत): बाबा बालक नाथ मंदिर दियोटसिद्ध में जून महीने के ज्येष्ठ रविवार को लगभग 25000 के करीब श्रद्धालुओं ने बाबा बालक नाथ की पवित्र गुफा के दर्शन किए और बाबा जी से आशीर्वाद लिया। हिमाचल, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली,जम्मू, राजस्थान देश के अन्य राज्यों व विदेश से श्रद्धालु बाबाजी का रविवार को आशीर्वाद लेने के लिए पहुंचे। कई घंटे तक लाइन में लगकर भक्तों ने बाबा बालक नाथ के दर्शन किए। पूरा मंदिर परिसर बाबा बालक नाथ के जयकारों से गूंज रहा था। नाचते-गाते श्रद्धालु बाबा जी की पवित्र नगरी दियोटसिद्ध में पहुंचे। श्रद्धालुओं की सुरक्षा के कड़े इंतजाम प्रशासन की तरफ से किए गए थे तथा चप्पे-चप्पे पर पुलिस व मंदिर प्रशासन द्वारा नियुक्त किए गए सुरक्षा कर्मियों का पहरा रहा।
शनिवार शाम से ही मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं का पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया, जो कि रविवार देर रात तक चलता रहा। धूना स्थल पर काफी अधिक संख्या में श्रद्धालु एकत्रित हुए तथा भगवान की महिमा का गुणगान किया। श्रद्धालु नियमानुसार बाबा जी की पवित्र गुफा के दर्शन करें इसके लिए एक सुनिश्चित व्यवस्था बनाई गई थी। हाथों में झंडा तथा रोट प्रसाद लेकर लंबी कतारों में लगे भक्तों ने बाबा बालक नाथ की भेंटें गाकर समां बांध दिया। मंदिर प्रशासन द्वारा श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए शनिवार रात्रि को मंदिर के कपाट खुले रखे गए थे।
अतिरिक्त मंदिर अधिकारी सूरम सिंह शनिवार को देर रात तक मंदिर परिसर में मौजूद रहे और रविवार को सुबह जल्दी मंदिर परिसर में पहुंच गए और श्रद्धालुओं के सुविधाओं का समय-समय पर जायजा लेते रहे। श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसका भी निरीक्षण किया। वहीं उचित पार्किंग व्यवस्था न होने के कारण यहां पर श्रद्धालुओं को मजबूरन अपनी गाड़ियां सड़क किनारे लगानी पड़ीं, जिस कारण बार-बार जाम की स्थिति यहां पर उत्पन्न होती रही परंतु प्रभारी पुलिस चौकी हितेश कुमार एवं उनकी टीम में एचएचसी दिनेश कुमार व होमगार्ड मदन कुमार जाम को खुलवाते रहे।