Kullu: बीच सड़क पर हाई-वोल्टेज ड्रामा! पास को लेकर उलझे जीप सवार, बस कंडक्टर से की हाथापाई

Edited By Vijay, Updated: 22 Nov, 2026 06:33 PM

crime in kullu

जिला कुल्लू के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल जिभी के समीप सड़क पर वाहनों को पास देने के एक मामूली मुद्दे ने अचानक उग्र रूप धारण कर लिया। यहां जीप सवार कुछ अज्ञात व्यक्तियों द्वारा एक निजी बस के परिचालक के साथ बीच सड़क पर अभद्र व्यवहार करने.....

कुल्लू (शम्भू): जिला कुल्लू के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल जिभी के समीप सड़क पर वाहनों को पास देने के एक मामूली मुद्दे ने अचानक उग्र रूप धारण कर लिया। यहां जीप सवार कुछ अज्ञात व्यक्तियों द्वारा एक निजी बस के परिचालक के साथ बीच सड़क पर अभद्र व्यवहार करने, हाथापाई करने और उसे गंभीर अंजाम भुगतने की धमकियां देने का मामला सामने आया है। इस घटना को लेकर पीड़ित बस परिचालक ने पुलिस थाना बंजार में अपनी शिकायत दर्ज करवाई है।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार मंडी जिले की औट तहसील के अंतर्गत गांव खनाहल व डाकघर पनारसा निवासी 42 वर्षीय चौधरी राम पुत्र स्वर्गीय डोले राम ने पुलिस को दिए अपने बयान में पूरी घटना का ब्यौरा दिया है। पेशे से बस परिचालक चौधरी राम ने बताया कि बीते 21 नवम्बर को जब वे मिनी थाईलैंड के नाम से मशहूर जिभी के पास मौजूद थे, तभी बस और एक जीप को क्रॉसिंग देने के दौरान कुछ अज्ञात व्यक्तियों के साथ उनकी कहासुनी हो गई।

शिकायतकर्ता का आरोप है कि रास्ता देने को लेकर शुरू हुई इस बहस के दौरान उक्त अज्ञात व्यक्तियों ने अचानक आपा खो दिया और अपशब्दों का प्रयोग करते हुए अभद्रता शुरू कर दी। देखते ही देखते मामला इतना बढ़ गया कि आरोपी परिचालक के साथ हाथापाई पर उतारू हो गए। पीड़ित के अनुसार,आरोपियों ने न केवल उनके साथ शारीरिक रूप से उलझते हुए हमला किया, बल्कि जाते-जाते उन्हें गंभीर परिणाम भुगतने की धमकियां भी दीं।

गौरतलब है कि पर्यटन सीजन के दौरान जिभी क्षेत्र में सैलानियों और स्थानीय वाहनों की आवाजाही काफी अधिक रहती है। ऐसे में संकरी सड़कों पर धैर्य रखने के बजाय पास देने को लेकर इस तरह का उग्र व्यवहार सामने आना एक गंभीर चिंता का विषय है। बहरहाल, पुलिस थाना बंजार में शिकायतकर्ता के बयान के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस अब इस मामले के सभी पहलुओं की बारीकी से जांच कर रही है और अज्ञात आरोपियों की पहचान कर घटना की वास्तविक परिस्थितियों का पता लगाने में जुटी हुई है।

हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें

Related Story

    Trending Topics

    img title
    img title

    Be on the top of everything happening around the world.

    Try Premium Service.

    Subscribe Now!