Edited By Vijay, Updated: 19 Nov, 2026 05:59 PM

कुछ पल का गुस्सा एक हंसते-खेलते परिवार को किस कदर उजाड़ देता है, इसकी एक उदाहरण हिमाचल प्रदेश के जिला चम्बा में देखने को मिला है। मिनी स्विट्जरलैंड के नाम विख्यात पर्यटन स्थल खजियार में एक महिला ने महज घर जाने को लेकर हुई मामूली कहासुनी के बाद अपना...
चम्बा (काकू चौहान): कुछ पल का गुस्सा एक हंसते-खेलते परिवार को किस कदर उजाड़ देता है, इसका एक उदाहरण हिमाचल प्रदेश के जिला चम्बा में देखने को मिला है। मिनी स्विट्जरलैंड के नाम विख्यात पर्यटन स्थल खजियार में एक महिला ने महज घर जाने को लेकर हुई मामूली कहासुनी के बाद अपना आपा खो दिया और अपने ही पति की जीवनलीला समाप्त कर दी। सिर पर गंभीर चोट लगने और रात भर ठंड में पड़े रहने के कारण व्यक्ति ने दम तोड़ दिया। चम्बा पुलिस ने आरोपी पत्नी को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे पहुंचा दिया है।
जानकारी के अनुसार वीरवार को जब पुलिस चौकी खजियार के बिल्कुल नजदीक एक व्यक्ति को मृत अवस्था में देखा गया, तो पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए चम्बा सदर पुलिस थाना के प्रभारी इंस्पेक्टर रमन चौधरी की अगुवाई में पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और घटनास्थल का बारीकी से जायजा लिया। पुलिस की प्राथमिक जांच में मृतक की पहचान कुंजलाल (58) पुत्र फिंचा राम के रूप में हुई। कुंजलाल मूल रूप से भरमौर क्षेत्र का रहने वाला था, लेकिन वर्तमान में खजियार में ही रहकर फोटोग्राफी का काम करता था और इसी से अपने परिवार की आजीविका चलाता था।
पुलिस ने जब इस संदिग्ध मामले की तफ्तीश को आगे बढ़ाया तो चौंकाने वाला सच सामने आया। जांच में पता चला कि बुधवार को घर जाने की बात को लेकर कुंजलाल और उसकी पत्नी रजनी के बीच कुछ कहासुनी हो गई थी। देखते ही देखते यह मामूली बात इतनी बढ़ गई कि पत्नी रजनी ने तैश में आकर पति के सिर पर पत्थर से गहरा आघात कर दिया, जिससे वह वहीं बेसुध होकर गिर पड़ा। इसके बाद पत्नी अपने गंभीर रूप से जख्मी पति को उसी हालत में छोड़कर वहां से चली गई। पुलिस चौकी से महज कुछ ही मीटर की दूरी पर पूरी रात कड़ाके की ठंड में बाहर पड़ा रहा और समय पर मदद न मिलने के कारण कुंजलाल की मौत हो गई।
एसपी चम्बा विजय कुमार सकलानी ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने मौके पर फोरैंसिक टीम को बुलाकर सभी जरूरी और पुख्ता साक्ष्य जुटा लिए हैं, जिसके आधार पर आरोपी पत्नी रजनी को गिरफ्तार कर लिया गया है। उन्होंने बताया कि मेडिकल कॉलेज चम्बा में पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी करवाने के बाद शव परिजनों के हवाले कर दिया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और इस पूरे घटनाक्रम से जुड़े हर पहलू की गहनता से आगामी जांच की जा रही है।
हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें