Edited By Swati Sharma, Updated: 11 Apr, 2026 04:49 PM

Hamirpur News : हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर जिले में ठगों के हौसले इस कदर बुलंद हैं कि अब वे दिनदहाड़े बुजुर्गों को अपना निशाना बना रहे हैं। सदर थाना हमीरपुर के अंतर्गत लोहरडा बाईपास रोड पर एक 74 वर्षीय बुजुर्ग दुकानदार को दो कार सवारों ने जाली नोट...
Hamirpur News : हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर जिले में ठगों के हौसले इस कदर बुलंद हैं कि अब वे दिनदहाड़े बुजुर्गों को अपना निशाना बना रहे हैं। सदर थाना हमीरपुर के अंतर्गत लोहरडा बाईपास रोड पर एक 74 वर्षीय बुजुर्ग दुकानदार को दो कार सवारों ने जाली नोट थमाकर हजारों की ठगी कर ली। पुलिस ने शिकायत के आधार पर अज्ञात जालसाजों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
चाय की चुस्की के बीच बुना ठगी का जाल
घटना गुरूवार दोपहर करीब 2 बजे की है। 74 वर्षीय चुन्नी लाल (निवासी गाथ लोहरडा, बाईपास रोड, तहसील व जिला हमीरपुर) अपनी दुकान पर मौजूद थे, तभी एक सफेद कार में दो अज्ञात व्यक्ति वहां पहुंचे। शातिरों ने पहले बुजुर्ग से बड़े ही सहज भाव से चाय बनवाकर पी और फिर उन्हें अपनी बातों में फंसाना शुरू किया।
500 के बदले थमाए 200 के जाली नोट
आरोपियों ने चुन्नी लाल से कहा कि उनके पास 200-200 रुपये के बहुत सारे नोट हैं तो वह उन्हें 500 रुपये के नोट दे दें।
बुजुर्ग दुकानदार उनकी बातों में आ गए और उन्होंने अपने पास से 500 रुपये के 12 नोट (कुल 6,000 रुपये) आरोपियों को दे दिए। इसके बदले में ठगों ने उन्हें 200 रुपये के 30 नोट थमा दिए।
अगले दिन खुला राज
चुन्नी लाल ने उस समय नोटों को बिना संदेह किए गल्ले में रख दिया। शुक्रवार दोपहर करीब 12 बजे जब उन्होंने नोटों की बारीकी से जांच की, तो उनके होश उड़ गए। उन 30 नोटों में से 16 नोट पूरी तरह से नकली पाए गए, जबकि केवल 14 नोट असली थे। इस तरह शातिर बुजुर्ग से 3,200 रुपये की ठगी कर फरार हो गए।
जांच में जुटी पुलिस
धोखाधड़ी का अहसास होने के बाद पीड़ित ने सदर थाना हमीरपुर में शिकायत पत्र देकर रिपोर्ट दर्ज करवाई है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए अज्ञात आरोपियों की पहचान शुरू कर दी है। क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि सफेद कार और संदिग्धों का सुराग लगाया जा सके।
प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें