Edited By Vijay, Updated: 18 Aug, 2026 06:35 PM

हिमाचल प्रदेश के जिला बिलासपुर में एक सड़क हादसा सामने आया है। पुलिस थाना तलाई के अंतर्गत आते बरठीं-बधाघाट सड़क मार्ग पर मोही के समीप मंगलवार को दो मोटरसाइकिलों के बीच जोरदार टक्कर हो गई।
शाहतलाई (हिमल): हिमाचल प्रदेश के जिला बिलासपुर में एक सड़क हादसा सामने आया है। पुलिस थाना तलाई के अंतर्गत आते बरठीं-बधाघाट सड़क मार्ग पर मोही के समीप मंगलवार को दो मोटरसाइकिलों के बीच जोरदार टक्कर हो गई। इस भीषण हादसे में एक 19 वर्षीय युवक की उपचार के दौरान मौत हो गई है, जबकि एक अन्य युवक घायल हुआ है।
जानकारी के अनुसार मंगलवार को मोही के पास हुई इस दुर्घटना में दोनों मोटरसाइकिलों पर सवार दो युवक घायल हो गए थे। हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को उपचार के लिए सिविल अस्पताल बरठीं पहुंचाया गया। यहां घायल अभिषेक कुमार (19) पुत्र मदन लाल निवासी गांव मनन, डाकघर सुनहानी, तहसील झंडूता व जिला बिलासपुर की गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे प्राथमिक उपचार के बाद एम्स बिलासपुर के लिए रैफर कर दिया, जहां उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया।
सड़क दुर्घटना की सूचना मिलते ही तलाई पुलिस थाने की टीम तुरंत घटनास्थल पर पहुंची और हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि दोनों बाइकों के बीच टक्कर किन परिस्थितियों में हुई। बिलासपुर के पुलिस अधीक्षक अभिषेक धीमान ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और नियमानुसार आगामी कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।
हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें