Edited By Vijay, Updated: 06 Mar, 2024 04:42 PM
हमीरपुर के पक्का भरो में करोड़ों रुपए के शिलान्यास व उद्घाटन करने के बाद जनसभा करते हुए मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि भ्रष्टाचार के खिलाफ सरकार लड़ाई लड़ रही है, लेकिन खनन माफिया के साथ मिलकर उनकी सरकार को गिराने की नाकाम कोशिश की गई।
हमीरपुर (पुनीत): हमीरपुर के पक्का भरो में करोड़ों रुपए के शिलान्यास व उद्घाटन करने के बाद जनसभा करते हुए मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि भ्रष्टाचार के खिलाफ सरकार लड़ाई लड़ रही है, लेकिन खनन माफिया के साथ मिलकर उनकी सरकार को गिराने की नाकाम कोशिश की गई। बागी विधायकों पर तंज करते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस के जिन 6 विधायकों को उनकी सदस्यता से निष्कासित किया है, वे 3 अन्य लोगों के साथ पिछले 10 दिन से जेल जैसे हालात में बंद बैठे हुए हैं। अगर ये लोग हमें वहां से लेकर आने के लिए अनुरोध करते हैं तो हम उन्हें वहां से भी निकाल कर ले आएंगे।
पद की लालसा में खुद को बेचने वालों को जनता सिखाएगी सबक
सीएम ने कहा कि राजनीति में पद की लालसा इतनी ज्यादा नहीं रखनी चाहिए। जो व्यक्ति ईमानदारी और नैतिकता को जिंदा रखता है, वह ही इतिहास बनाता है। उन्होंने कहा कि उन्होंने खुद राजनीति में लंबा संघर्ष किया है। 20 वर्ष पहले विधायक बन गए थे और तत्कालीन मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने उन्हें पोर्टफोलियो देने का ऑफर दिया था लेकिन उन्होंने कभी भी इसकी लालसा नहीं थी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री की कुर्सी किसी एक की नहीं होती है। यह कुर्सी उनकी भी नहीं है। कुर्सी जनता की होती है और इसके लिए हर 5 वर्ष बाद परीक्षा देनी पड़ती है। पिछले 14 महीने में उनकी सरकार के कामकाज का जनता आकलन करे। मुख्यमंत्री ने कहा कि जो लोग पार्टी को कमजोर करते हैं और जो लोग अपने आप को पद पाने के लिए बेच देते हैं, ऐसे लोगों को आने वाले लोकसभा चुनाव में जनता सबक सिखाएगी। भ्रष्ट राजनीति को इस प्रदेश से उखाड़ फैंकने का संकल्प उनकी सरकार ने लिया है। कुछ लोग धनबल से खरीदे जा सकते हैं लेकिन नैतिकता को कोई नहीं खरीद सकता है तथा उनकी सरकार 5 साल तक चलेगी।
धूमल के सपने को पूरा नहीं कर सकी पूर्व भाजपा सरकार
मुख्यमंत्री ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल ने हमीरपुर शहर में 15 वर्ष पहले मॉडर्न बस अड्डा बनाने का एक सपना देखा था लेकिन बड़े दुख की बात है कि पूर्व भाजपा सरकार उनके इस सपने को पूरा नहीं कर सकी। आज 55 करोड़ की लागत से मॉडर्न बस अड्डा बनाने का शिलान्यास कर इसका टैंडर कर दिया गया है तथा बस अड्डा डेढ़ वर्ष में बनकर तैयार होगा। हमीरपुर के 2 बागी विधायकों पर तंज कसते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि बड़े खेद की बात है कि सुजानपुर और बड़सर के विधायकों को जो भी उन्होंने विकास के काम और योजनाएं मांगी, उन्हें मंजूर कर दी गईं, इसके बावजूद उन्होंने राज्यसभा चुनाव में पार्टी प्रत्याशी के खिलाफ क्रॉस वोटिंग की।
5वीं गारंटी के लिए कैबिनेट में होगा बजट का प्रावधान
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार की 5वीं गारंटी इंदिरा गांधी प्यारी बहना सुख सम्मान निधि योजना के लिए 7 मार्च को कैबिनेट बैठक में बजट का प्रावधान किया जाएगा। बजट में पहले ही डेढ़ लाख विधवा महिलाओं के बच्चों का 27 वर्ष की उम्र तक पढ़ाई का खर्चा उठाने का निर्णय लिया गया है। मनरेगा मजदूरों की दिहाड़ी में 60 रुपए की बढ़ौतरी की गई है।
हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here