Edited By Kuldeep, Updated: 12 Apr, 2026 06:44 PM

एसआईयू पुलिस के दल ने गुप्त सूचना के आधार पर चम्बा-सिढ़कुंड मार्ग पर हरिपुर जल शक्ति विभाग के टैंक के पास एक युवक को चिट्टे के साथ पकड़ा है। पुलिस ने इस बारे में जांच शुरू कर दी है।
चम्बा (रणवीर): एसआईयू पुलिस के दल ने गुप्त सूचना के आधार पर चम्बा-सिढ़कुंड मार्ग पर हरिपुर जल शक्ति विभाग के टैंक के पास एक युवक को चिट्टे के साथ पकड़ा है। पुलिस ने इस बारे में जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने रविवार दोपहर करीब 2 बजे हरिपुर के पास नाकेबंदी की हुई थी। इस दौरान विशाल कुमार शर्मा (31) पुत्र प्रकाश चंद शर्मा निवासी गांव डूला डाकघर सरू वहां से गुजर रहा था। इस दौरान तलाशी करने के बाद युवक के कब्जे से 3.18 ग्राम चिट्टा बरामद किया गया। पुलिस ने युवक को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर उसके खिलाफ मादक द्रव्य अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत सदर थाना चम्बा में मुकद्दमा दर्ज कर लिया है। पुलिस ने आरोपी से पूछताछ शुरू कर दी है, ताकि चिट्टे के बारे में जानकारी जुटाई जा सके कि कहां से चिट्टा लाया था और यह काम कब से कर रहा था। गौरतलब है कि पहाड़ी जिला चम्बा में पुलिस की सख्ती के बावजूद चिट्टे का कारोबार लगातार बढ़ता जा रहा है।
पुलिस द्वारा की गई कार्रवाई के दौरान पकड़े गए मामलों में पाया गया कि मामले में संलिप्त अधिकतर युवा ही हैं। पुलिस अपनी लगातार कार्रवाई के बाद इस मामले में संलिप्त युवाओं को सलाखों के पीछे धकेल चुकी है लेकिन फिर भी चिट्टे की सप्लाई का सिलसिला कम नहीं हो रहा है। पकड़े गए युवाओं से पूछताछ जारी है, ताकि चिट्टे के बड़े तस्करों को पकड़ कर नशे को जड़ से खत्म किया जा सके। पुलिस अपराधियों को पकड़ने के लिए योजनाबद्ध तरीके से जाल बिछाकर कार्य कर रही है।
चिट्टा तस्करों के खिलाफ पुलिस लगातार कर रही कार्रवाई : सकलानी
मामले की पुष्टि करते हुए एसपी चम्बा विजय कुमार सकलानी ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर युवक से चिट्टा पकड़ा गया है। इस बारे में जांच की जा रही है। युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है, ताकि इस मामले में जुड़े अन्य लोगों पर कार्रवाई की जा सके। चिट्टे के खिलाफ पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है।