Edited By Kuldeep, Updated: 29 Aug, 2026 05:38 PM

करियां पंचायत के एनएचपीसी क्षेत्र में इन दिनों तेंदुए की दहशत से लोग खौफ के साये में जीने को मजबूर हैं। तेंदुआ सुबह व रात के समय गांव व इसके आसपास घात लगाए बैठा रहता है।
चम्बा (रणवीर): करियां पंचायत के एनएचपीसी क्षेत्र में इन दिनों तेंदुए की दहशत से लोग खौफ के साये में जीने को मजबूर हैं। तेंदुआ सुबह व रात के समय गांव व इसके आसपास घात लगाए बैठा रहता है। बीते एक माह से यह तेंदुआ क्षेत्र में घूम रहा है। इस बारे में लोगाें ने वन विभाग से तेंदुए को पकड़ने के लिए पिंजरा लगाने की गुहार लगाई है। स्थानीय लोगों में मुकेश कुमार, राजेश, लेख राज, कमलेश, राजेंद्र, पवन व राकेश ने बताया कि तेंदुआ पालतू कुत्तों, भेड़-बकरियों व अन्य पशुओं को अपना शिकार बना रहा है। इस बारे में संबंधित विभाग को भी अवगत करवाया जा चुका है लेकिन वन विभाग द्वारा अभी तक कोई भी कार्रवाई अमल में नहीं लाई गई है।
तेंदुआ गांव में विचरण कर रहा है जिससे लोगों का घर से बाहर निकलना भी मुश्किल हो गया है। अभिभावक अपने बच्चों को अकेले स्कूल भेजने से भी कतरा रहे हैं। वहीं, शाम होते ही लोग अपने घरों में दुबक जा रहे हैं। लोगों ने वन विभाग से मांग की है कि शीघ्र तेंदुए को पकड़ कर कहीं दूर जंगल में छोड़ा जाए। ग्रामीणों का कहना है कि तेंदुए के भय के कारण ग्रामीणों ने चारे के लिए जंगल में जाना भी छोड़ दिया है। उधर, वन विभाग के डीएफओ कृतज्ञ कुमार ने बताया कि इस बारे में शिकायत के बाद तेंदुए को पकड़ने के लिए वन विभाग को टीम का गठन करके पिंजरा लगाया गया है। जल्द ही ग्रामीणों को इस समस्या से निजात दिलाई जाएगी।