Edited By Vijay, Updated: 29 Mar, 2024 07:43 PM
भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष डाॅ. राजीव बिंदल ने कहा कि 2022 के विधानसभा चुनाव में भाजपा के बागियों को फिर से पार्टी में शामिल करने पर कोई विचार नहीं हुआ है। बिंदल पत्रकारों द्वारा पूछे गए सवालों का जवाब दे रहे थे।
ऊना (सुरेन्द्र): भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष डाॅ. राजीव बिंदल ने कहा कि 2022 के विधानसभा चुनाव में भाजपा के बागियों को फिर से पार्टी में शामिल करने पर कोई विचार नहीं हुआ है। बिंदल पत्रकारों द्वारा पूछे गए सवालों का जवाब दे रहे थे। उन्होंने कहा कि अभी तक केवल उन लोगों को पार्टी भाजपा में शामिल कर रही है, जिन्होंने अलग-अलग पार्टियों या मंचों के जरिए पिछले 10 वर्षों में कोई चुनाव नहीं लड़ा है और जिनकी पृष्ठ भूमि भाजपा की रही है। मंडी में भाजपा के बागियों की बैठक के संदर्भ में पूछे गए सवाल पर बिंदल ने कहा कि जो पार्टी से बाहर ही चला गया वह कहीं भी बैठक करे, उससे पार्टी को कोई लेना-देना नहीं है। उन्होंने कहा कि भाजपा एक बड़ा परिवार है और सभी की महत्वाकांक्षाएं पूरी नहीं की जा सकती हैं। कांग्रेस के बागियों को भाजपा में लेने और उससे पार्टी के कार्यकर्त्ताओं की नाराजगी के संबंध में भाजपाध्यक्ष ने कहा कि कार्यकर्त्ता समझते हैं कि पार्टी का विस्तार होना चाहिए। मोदी को आगे 5 वर्ष और मिलें ताकि भारत दुनिया की महाशक्ति बने। इसके लिए हर कार्यकर्त्ता पार्टी के प्रत्येक फैसले के साथ है।
कंवर को मनाने घर गए बिंदल, हमीरपुर संसदीय क्षेत्र का चुनाव प्रभारी बनाया
पूर्व मंत्री वीरेन्द्र कंवर की कुटलैहड़ में सार्वजनिक नाराजगी पर बिंदल ने कहा कि स्वयं वह और विधायक रणधीर शर्मा कंवर के घर नाश्ते पर गए थे। तमाम मुद्दों पर चर्चा हुई है। पूर्व मंत्री कंवर भाजपा के वरिष्ठ नेता हैं। ऐसे में उन्हें हमीरपुर संसदीय हलके में भाजपा प्रत्याशी और केन्द्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर का चुनाव प्रबंधन का जिम्मा दिया गया है। कंवर भाजपा की विशेष बैठक में शामिल हुए हैं। उन्हें पार्टी से कोई नाराजगी नहीं है। बिंदल ने कहा कि कांग्रेस की सरकार विफल हो चुकी है। विश्वासमत खो चुकी है। कांग्रेस को न प्रत्याशी मिल रहे हैं और न ही लोगों का विश्वास कांग्रेस सरकार पर है। भाजपा लोकसभा की 4 और विधानसभा उपचुनाव की 9 सीटें जीतेगी। चुनाव के बाद प्रदेश में भाजपा की सरकार होगी।
हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here