Bilaspur: नशे की सप्लाई चेन पर बिलासपुर पुलिस का बड़ा प्रहार, 5 मुख्य सप्लायर गिरफ्तार

Edited By Kuldeep, Updated: 10 Aug, 2026 05:12 PM

bilaspur main supplier arrested

नशे के खिलाफ चलाए जा रहे व्यापक अभियान के तहत बिलासपुर पुलिस ने नशे की सप्लाई चेन पर बड़ी कार्रवाई करते हुए 5 अलग-अलग मामलों में 5 मुख्य सप्लायरों को गिरफ्तार किया है।

बिलासपुर (विशाल): नशे के खिलाफ चलाए जा रहे व्यापक अभियान के तहत बिलासपुर पुलिस ने नशे की सप्लाई चेन पर बड़ी कार्रवाई करते हुए 5 अलग-अलग मामलों में 5 मुख्य सप्लायरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों तक पहुंचने के लिए खूब मेहनत की। आरोपियों के वित्तीय लेन-देन, कॉल डिटेल, व्हाट्सऐप चैट और अन्य इलैक्ट्रॉनिक साक्ष्यों का विश्लेषण कर उनके बैकवर्ड लिंक खंगाले व यह बड़ी सफलता हासिल की। इसी विषय पर सोमवार को एसपी बिलासपुर अभिषेक धीमान ने पत्रकारवार्ता कर सारी जानकारी दी।

पहले मामले में 2 अगस्त को मल्यावर लिंक रोड के पास 121.44 ग्राम चिट्टे के साथ पकड़े गए आरोपी से पूछताछ के बाद पुलिस ने स्थानीय पैडलर राकेश कुमार उर्फ सानू को गिरफ्तार किया। आगे की जांच में सप्लाई का लिंक बटाला निवासी आशीष जोसेफ तक पहुंचा। जिस पर बिलासपुर पुलिस ने विशेष टीम बनाकर बटाला-पंजाब में दबिश देकर आरोपी आशीष जोसेफ को धर-दबोचा। इस मामले में अब तक 3 गिरफ्तारियां हो चुकी हैं।

दूसरे मामले में पट्टा चौक के पास 9.05 ग्राम चिट्टे के साथ पकड़े गए अजय ठाकुर से पूछताछ के दौरान सप्लायर अभिषेक उर्फ मस्कड़ा का नाम सामने आया। पुलिस ने उसे शिमला से गिरफ्तार किया। जांच में सामने आया कि वह खरड़ में रहकर बिलासपुर क्षेत्र में चिट्टे की सप्लाई कर रहा था। आरोपी के खिलाफ पहले भी चिट्टे से संबंधित 2 मामले दर्ज हैं। तीसरे मामले में 9.01 ग्राम चिट्टे के साथ पकड़े गए 2 आरोपियों की जांच के दौरान पुलिस चंडीगढ़ निवासी रीना पिवाल तक पहुंची। इलैक्ट्रॉनिक साक्ष्यों और मनी ट्रेल के आधार पर पुलिस ने उसे चंडीगढ़ से गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार आरोपी महिला काफी समय से बिलासपुर क्षेत्र में चिट्टे की सप्लाई कर रही थी।

चौथे मामले में 14.72 ग्राम चिट्टे के साथ पकड़े गए आरोपी से पूछताछ और व्हाट्सऐप चैट की जांच के बाद पुलिस ने अमृतसर निवासी गोविंदा सिंह उर्फ रोशन को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ पहले भी एनडी एंड पीएस एक्ट के तहत मामले दर्ज हैं। पांचवें मामले में 8 अगस्त को मलयावर लिंक रोड के पास 2 आरोपियों से करीब 4 किलोग्राम चरस बरामद की गई थी। जांच में चरस के स्रोत का पता लगाते हुए पुलिस ने मंडी निवासी हुकम राम को गिरफ्तार किया है।

45 दिनों में 51 मामले, 85 आरोपी गिरफ्तार
एसपी बिलासपुर अभिषेक धीमान ने बताया कि वर्ष 2026 में अब तक एनडी एंड पीएस एक्ट के तहत 161 मामले दर्ज किए गए हैं तथा करीब 1 किलोग्राम हीरोइन/चिट्टा बरामद किया गया है। पिछले 45 दिनों में ही 51 मामले दर्ज कर 85 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। इस दौरान करीब 700 ग्राम हीरोइन/चिट्टा बरामद हुआ है। उन्होंने बताया कि पुलिस का विशेष फोकस अब नशे के छोटे पैडलरों के साथ-साथ बैकवर्ड लिंक की जांच कर मुख्य सप्लायरों तक पहुंचने पर है। पिछले 45 दिनों में अन्य राज्यों से जुड़े 9 प्रमुख नशा सप्लायरों को भी गिरफ्तार किया गया है। उन्होंने कहा कि नशे के पूरे नैटवर्क को चिन्हित कर उसे जड़ से खत्म करने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा।

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!