Edited By Kuldeep, Updated: 23 Nov, 2026 04:35 PM

नशे के कारोबार में संलिप्त 2 आरोपियों को विशेष न्यायाधीश बिलासपुर की अदालत ने अभियुक्त करार देते हुए कड़ी सजा सुनाई है।
बिलासपुर: नशे के कारोबार में संलिप्त 2 आरोपियों को विशेष न्यायाधीश बिलासपुर की अदालत ने अभियुक्त करार देते हुए कड़ी सजा सुनाई है। अदालत के फैसले के अनुसार चिट्टा बरामदगी के मामले में मंडी जिला के जोगिंद्रनगर क्षेत्र निवासी शुभम शर्मा व संजीव को 10-10 वर्ष के कठोर कारावास की सजा काटने के साथ ही 1-1 लाख रुपए जुर्माना भी देना होगा। जुर्माना अदा न करने पर उन्हें 6 माह के अतिरिक्त कारावास की सजा काटनी होगी। जिला न्यायवादी एनएस चौहान ने बताया कि 24 जनवरी 2020 को सुबह के समय सदर थाना से पुलिस की एक टीम मुख्य आरक्षी अनिल की अगुवाई में जबली के पास नाका लगाकर वाहनों की जांच कर रही थी।
करीब सवा 9 बजे चंडीगढ़ की ओर से आ रही एक टैक्सी नंबर ऑल्टो कार को भी नाके पर जांच के लिए रोका गया। कार में सवार जोगिंद्रनगर निवासी शुभम शर्मा ने गाड़ी से उतरकर वहां से भागने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस टीम ने पीछा करके कुछ ही दूरी पर उसे पकड़ लिया। तलाशी लेने पर कार की ड्राइवर सीट के नीचे से नीले रंग के बैग से 138.18 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ था। सदर थाना में एन.डी.पी.एस. एक्ट के तहत मामला दर्ज करके पुलिस ने छानबीन की।
जांच में खुलासा हुआ कि उक्त टैक्सी नंबर कार जोगिंद्रनगर के ही संजीव नामक व्यक्ति की मां के नाम पर पंजीकृत थी। उसका संचालन संजीव ही करता था और उसी ने कार नशीले पदार्थों की तस्करी के लिए शुभम के पास दी थी। इससे यह साबित हुआ कि नशे के कारोबार में संजीव भी शामिल था। जांच पूरी होने के बाद पुलिस ने अदालत में चालान पेश किया। अभियोजन पक्ष की ओर से अदालत में 24 गवाह पेश किए गए। गवाहों के बयान, अभियोजन पक्ष की दलीलों तथा सबूतों के आधार पर अदालत ने दोनों आरोपियों को दोषी करार देते हुए यह सजा सुनाई।