Edited By Vijay, Updated: 18 Nov, 2026 05:22 PM

हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले के तहत आने वाले जोगिंद्रनगर के लडभड़ोल क्षेत्र में पेश आए एक सड़क हादसे ने सभी को झकझोर कर रख दिया है। यहां लडभड़ोल पेट्रोल पंप के समीप एक कार के अनियंत्रित होकर करीब 200 फुट नीचे खड्ड में गिरने से उसमें सवार 6 युवकों की...
मंडी/जोगिंद्रनगर (रजनीश/भारद्वाज): हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले के तहत आने वाले जोगिंद्रनगर के लडभड़ोल क्षेत्र में पेश आए एक सड़क हादसे ने सभी को झकझोर कर रख दिया है। यहां लडभड़ोल पेट्रोल पंप के समीप एक कार के अनियंत्रित होकर करीब 200 फुट नीचे खड्ड में गिरने से उसमें सवार 6 युवकों की मौत हो गई। एक साथ 6 घरों के चिराग बुझ जाने से पूरे इलाके में कोहराम मच गया है और हर आंख नम है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार हादसे का शिकार हुए ये सभी युवा बीते मंगलवार को किसी समारोह में शिरकत करने गए थे। बुधवार सुबह तक जब वे घर नहीं लौटे तो चिंतित परिजनों ने पुलिस की मदद से उनकी तलाश शुरू की। इसी दौरान लडभड़ोल पेट्रोल पंप के पास गुजर रहे एक बाइक सवार ने खाई में दुर्घटनाग्रस्त कार को देखा और स्थानीय पुलिस को सूचना दी। आशंका जताई जा रही है कि मंगलवार देर रात समारोह से वापस लौटते वक्त ही उनकी कार अनियंत्रित होकर गहरी खड्ड में समा गई।
यह दुर्घटना इतनी भीषण थी कि गहरी खाई में लुढ़कने के कारण कार के पूरी तरह से परखच्चे उड़ गए। हादसे का पता चलते ही स्थानीय लोग तुरंत मदद के लिए गहरी खाई में उतरे और कार सवारों का बाहर निकालना शुरू किया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। वहीं हादसे की सूचना मिलते ही लडभड़ोल पुलिस की टीम भी मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से सभी शवों को खाई से निकालकर कब्जे में ले लिया।
इस हादसे में जान गंवाने वाले युवाओं की पहचान आयुष राय (21), अनुज कुमार (18), यश राय (14) सभी निवासी सिमस; पंकज कुमार (17), अर्णव ठाकुर (15) निवासी गवाला और आदित्य कुमार (17) निवासी दरोब के रूप में हुई है। तहसीलदार डॉ. मुकुल अनिल शर्मा ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि प्रशासन की ओर से सभी पीड़ित परिवारों को 25-25 हजार रुपए की फौरी राहत राशि प्रदान की गई है। फिलहाल हादसे के वास्तविक कारणों का पता नहीं चल पाया है और पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें