Edited By Vijay, Updated: 18 Apr, 2026 03:16 PM

हिमाचल प्रदेश के मंडी जिला के सुंदरनगर में पुलिस ने नशे के काले कारोबार पर एक और बड़ी चोट की है। थाना सुंदरनगर की पुलिस टीम ने पुंघ फोरलेन पर नाकाबंदी के दौरान एक पंजाब नंबर की स्कॉर्पियो गाड़ी से 582 ग्राम चरस बरामद की है।
सुंदरनगर (सोढी): हिमाचल प्रदेश के मंडी जिला के सुंदरनगर में पुलिस ने नशे के काले कारोबार पर एक और बड़ी चोट की है। थाना सुंदरनगर की पुलिस टीम ने पुंघ फोरलेन पर नाकाबंदी के दौरान एक पंजाब नंबर की स्कॉर्पियो गाड़ी से 582 ग्राम चरस बरामद की है। पुलिस ने गाड़ी में सवार सभी 6 युवकों को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया है।
मिली जानकारी के अनुसार उप निरीक्षक दौलतराम के नेतृत्व में पुलिस की टीम पुंघ फोरलेन पर मंडी की तरफ से आने वाले वाहनों की सघन जांच कर रही थी। इसी दौरान पंजाब नंबर की एक स्कॉर्पियो गाड़ी वहां से गुजरी। पुलिस को गाड़ी देखकर संदेह हुआ और उन्होंने उसे रुकवाकर तलाशी ली। गाड़ी की गहन तलाशी के दौरान उसमें सवार युवकों के कब्जे से 582 ग्राम चरस बरामद हुई। पुलिस ने तुरंत प्रभाव से सभी 6 युवकों को हिरासत में ले लिया और गाड़ी को भी जब्त कर लिया।
पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए सभी आरोपी पंजाब के अलग-अलग क्षेत्रों के रहने वाले हैं। आरोपियों की पहचान कुलजीत (21) पुत्र नरपिंदर सिंह निवासी मानक माजरा व जिला मलेरकोटला, युवराज सिंह (22) पुत्र राजविंद्र सिंह निवासी अरनो, तहसील पतरान व जिला पटियाला, जगदीप सिंह (20) पुत्र बलविंदर सिंह निवासी हैदर नगर व जिला मलेरकोटला, हरमनप्रीत सिंह (19) पुत्र गुरदर्शन सिंह निवासी नारीके व जिला मलेरकोटला, करणदीप सिंह (20) पुत्र भगवान सिंह निवासी बिड अहमदाबाद, नियर आईटीआई व जिला मलेरकोटला और हरमन सिंह (21) पुत्र दर्शन सिंह निवासी बिड अहमदाबाद, नियर आईटीआई व जिला मलेरकोटला के रूप में की गई है।
एसपी विनोद कुमार ने इस कार्रवाई की पुष्टि करते हुए कहा कि जिला पुलिस द्वारा नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत यह एक बड़ी सफलता है। उन्होंने कहा कि पुलिस की टीमें लगातार मुस्तैदी से काम कर रही हैं। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में चेतावनी दी कि नशे के कारोबार में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और इस नेटवर्क को जड़ से खत्म करने के लिए पुलिस की कार्रवाई आगे भी इसी तरह जारी रहेगी।
हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें