शिमला में नशे की खेप लेकर आ रहे 4 तस्कर दबोचे, पंजाब से मुख्य सप्लायर भी गिरफ्तार

Edited By Jyoti M, Updated: 10 Apr, 2026 04:32 PM

4 smugglers bringing consignment of narcotics to shimla apprehended

हिमाचल प्रदेश की जिला शिमला पुलिस ने नशा माफिया के खिलाफ अपने अभियान को तेज करते हुए एक बड़े अंतरराज्यीय ड्रग नेटवर्क को ध्वस्त किया है।

हिमाचल डेस्क। हिमाचल प्रदेश की जिला शिमला पुलिस ने नशा माफिया के खिलाफ अपने अभियान को तेज करते हुए एक बड़े अंतरराज्यीय ड्रग नेटवर्क को ध्वस्त किया है। पुलिस ने भारी मात्रा में 'चिट्टा' (हेरोइन) बरामद करने के साथ ही इस नेटवर्क के मुख्य सप्लायर समेत पांच लोगों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है।

गुप्त सूचना पर मतियाना में छापेमारी

यह पूरी कार्रवाई ठियोग पुलिस थाना की टीम द्वारा अमल में लाई गई। पुलिस को गुप्त जानकारी मिली थी कि मतियाना क्षेत्र में एक बोलेरो कैंपर गाड़ी में सवार कुछ लोग नशे की खरीद-फरोख्त कर रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस ने तुरंत जाल बिछाया और संदिग्ध वाहन को घेरा। गाड़ी की तलाशी के दौरान पुलिस ने 34.440 ग्राम चिट्टा बरामद किया।

मौके से पकड़े गए चार आरोपी

पुलिस ने वाहन में सवार चार युवकों को तुरंत हिरासत में ले लिया। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान चांद प्रकाश (32) निवासी निरमंड, विजय कुमार (23) निवासी निरमंड, अभिषेक (24) निवासी ननखड़ी, कैलाश (26) निवासी निरमंड के रुप में हुई है। इन सभी के खिलाफ मामला दर्ज कर इन्हें गिरफ्तार कर लिया गया है।

पंजाब से पकड़ा गया मुख्य सप्लायर

पकड़े गए आरोपियों से गहन पूछताछ और तकनीकी जांच के बाद पुलिस ने इस नेटवर्क की जड़ तक पहुंचने में कामयाबी हासिल की। पुलिस को पता चला कि नशे की यह खेप पंजाब से सप्लाई की गई थी। शिमला पुलिस की एक स्पेशल टीम ने छापेमारी कर पंजाब के मानसा जिले से मुख्य सप्लायर शिवदेव सिंह (30) को गिरफ्तार किया।

अगली कार्रवाई और पुलिस रिमांड

मुख्य आरोपी शिवदेव सिंह को पंजाब से ठियोग लाया गया है, जहां उसे अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड पर लेने की तैयारी की जा रही है। पुलिस का मानना है कि पूछताछ के दौरान इस रैकेट से जुड़े अन्य बड़े नामों का खुलासा हो सकता है। जिला पुलिस मामले की बारीकी से जांच कर रही है ताकि पूरे नेटवर्क को पूरी तरह खत्म किया जा सके।

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!