Edited By Vijay, Updated: 22 Nov, 2026 11:49 AM

हिमाचल प्रदेश में नशा माफिया के विरुद्ध चलाए जा रहे सख्त अभियान के तहत जिला सिरमौर पुलिस की स्पैशल इन्वैस्टिगेशन यूनिट (एसआईयू) को एक बड़ी कामयाबी हाथ लगी है।
नाहन: हिमाचल प्रदेश में नशा माफिया के विरुद्ध चलाए जा रहे सख्त अभियान के तहत जिला सिरमौर पुलिस की स्पैशल इन्वैस्टिगेशन यूनिट (एसआईयू) को एक बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। अवैध नशे के कारोबारियों के मंसूबों पर पानी फेरते हुए एसआईयू की टीम ने सतौन क्षेत्र में नाकाबंदी के दौरान 2 शातिर तस्करों को 1 किलोग्राम 125 ग्राम चरस की खेप के साथ रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।
मामले की जानकारी के अनुसार एसआईयू का दल सतौन बस अड्डे के समीप नियमित गश्त पर तैनात था। इसी बीच पुलिस को पुख्ता गुप्त सूचना प्राप्त हुई कि शिलाई, सतौन और आसपास के इलाकों में लंबे समय से चरस बेचने के अवैध धंधे में संलिप्त टीकाराम और मायाराम नामक दो व्यक्ति मोटरसाइकिल पर सवार होकर कमरऊ से सतौन की तरफ आ रहे हैं। यदि समय रहते उनकी घेराबंदी कर तलाशी ली जाए तो उनके पास से भारी मात्रा में मादक पदार्थ बरामद हो सकता है।
सूचना की गंभीरता को भांपते हुए एसआईयू की टीम ने बिना समय गंवाए तुरंत नाकाबंदी कर दी। कुछ ही देर बाद कमरऊ की दिशा से आ रही संदिग्ध मोटरसाइकिल को पुलिस कर्मियों ने रुकने का इशारा किया। पुलिस टीम द्वारा जब बाइक सवार दोनों व्यक्तियों को रोककर नियमानुसार उनकी तलाशी ली गई, तो उनके कब्जे से कुल 1 किलो 125 ग्राम चरस बरामद हुई। नशे की खेप मिलते ही पुलिस ने दोनों को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने पकड़े गए आरोपियों की पहचान मायाराम पुत्र स्वर्गीय खजान सिंह और टीकाराम पुत्र संतराम के रूप में की है। ये दोनों ही आरोपी जिला सिरमौर के अंतर्गत आने वाले गांव बोहल, डाकघर एवं तहसील कमरऊ के निवासी हैं। पुलिस थाना पुरुवाला में दोनों आरोपियों के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगामी कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
मामले की पुष्टि करते हुए पुलिस ने बताया कि अब आरोपियों से इस बात की गहनता से पूछताछ की जा रही है कि वे चरस की यह खेप कहां से लेकर आए थे और इसे आगे कहां सप्लाई किया जाना था। पुलिस इस नशा तस्करी के नैटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की कुंडली भी खंगाल रही है, ताकि इस अवैध कारोबार की जड़ तक पहुंचा जा सके। मामले में आगामी जांच जारी है।
हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें