Edited By Vijay, Updated: 14 Nov, 2026 12:53 PM

हमीरपुर के एक रिहायशी क्वार्टर में रहने वाली 11वीं कक्षा की नाबालिग छात्रा ने वीरवार को एक ऐसे नाटकीय घटनाक्रम को अंजाम दिया, जिसने परिजनों से लेकर पुलिस प्रशासन तक को गहरे पसोपेश में डाल दिया है।
हमीरपुर: हमीरपुर जिले से एक ऐसी खबर सामने आई है, जिसने परिजनों से लेकर पुलिस प्रशासन तक को गहरे पसोपेश में डाल दिया है। सरकारी स्कूल में पढ़ने वाली 11वीं कक्षा की छात्रा जोकि अपने माता-पिता के साथ किराए के कमरे में रहती है एक भावुक पत्र छोड़कर संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई है। बिस्तर के पास मिले इस खत में छात्रा ने लिखा है कि "मम्मी-पापा, मैं अपनी कामयाबी और आपकी बेहतर जिंदगी के लिए कमाने जा रही हूं, ताकि आपके और अपने सपनों को साकार कर सकूं। मुझे एक कंपनी में 30 हजार सैलरी का ऑफर आया है। मुझे ढूंढने का प्रयास न करें, कामयाब होने के बाद खुद वापस आ जाऊंगी।" एक नाबालिग स्कूली छात्रा को अचानक 30 हजार रुपए की नौकरी का ऑफर मिलने की बात ने कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं, जिसके बाद पुलिस इसे किसी के बहकावे या सुनियोजित साजिश के एंगल से जोड़कर देख रही है।
छात्रा के लापता होने से पहले वीरवार को दिनभर चला घटनाक्रम किसी फिल्मी पटकथा से कम नहीं था। जानकारी के अनुसार वीरवार सुबह माता-पिता की किसी बात पर हुई डांट से नाराज होकर छात्रा सीधे पुलिस थाने पहुंच गई और अपने ही परिजनों के खिलाफ शिकायत दे डाली। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत माता-पिता को थाने तलब किया। वहां दोपहर तक चली समझाइश और काऊंसलिंग के बाद छात्रा ने पूरी तरह सामान्य होने का दिखावा किया और खुशी-खुशी अपनी मां के साथ घर लौटने को तैयार हो गई।
थाने से बाहर निकलने के बाद छात्रा के पिता अपनी ड्यूटी पर चले गए, जबकि वह अपनी मां के साथ बस अड्डे तक आई। यहीं पर छात्रा ने मां के सामने एक बहाना बनाया और पलक झपकते ही उनकी नजरों से ओझल हो गई। मां को लगा कि बेटी शायद खुद ही रिहायशी क्वार्टर में लौट गई होगी, लेकिन शाम को जब वह घर पहुंचीं तो कमरे में पसरा सन्नाटा देखकर उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। छात्रा का मोबाइल फोन स्विच ऑफ आ रहा था और कमरे में बिस्तर के पास उसका लिखा हुआ पत्र पड़ा था।
इस गुमशुदगी के बाद हरकत में आई हमीरपुर पुलिस ने मामले की परतें उधेड़ने के लिए साइबर सेल की मदद ली है। छात्रा की कॉल डिटेल रिपोर्ट और उसके सोशल मीडिया अकाऊंट्स को बारीकी से खंगाला जा रहा है। इसी जांच के आधार पर पुलिस ने शुक्रवार को एक ऐसे युवक को थाने में तलब कर गहन पूछताछ की है, जो सोशल मीडिया के जरिए लगातार छात्रा के संपर्क में था। पुलिस की विभिन्न टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। मामले की पुष्टि करते हुए एएसपी राजेश उपाध्याय ने बताया कि पुलिस ने नियमानुसार केस दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। एक संदिग्ध युवक पुलिस के राडार पर है जिससे कड़ाई से पूछताछ की जा रही है और जल्द ही नाबालिग छात्रा को सुरक्षित बरामद कर लिया जाएगा।
हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें