Edited By Vijay, Updated: 08 May, 2026 09:27 PM

राजधानी शिमला में नगर निगम के एक अधिकारी द्वारा आत्महत्या करने का मामला सामने आया है। मृतक की पहचान रामेश्वर के रूप में हुई है, जो नगर निगम में डिप्टी कंट्रोलर (वित्त एवं लेखा) के पद पर कार्यरत थे।
शिमला (राजेश): राजधानी शिमला में नगर निगम के एक अधिकारी द्वारा आत्महत्या करने का मामला सामने आया है। मृतक की पहचान रामेश्वर के रूप में हुई है, जो नगर निगम में डिप्टी कंट्रोलर (वित्त एवं लेखा) के पद पर कार्यरत थे। उन्होंने शुक्रवार को मेहली स्थित अपने आवास पर फंदा लगाकर अपनी जान दे दी। जानकारी के अनुसार शुक्रवार सुबह रामेश्वर सामान्य दिनों की तरह कार्यालय पहुंचे थे। दफ्तर में सहकर्मियों को वह बिल्कुल सामान्य लगे और उनके चेहरे पर किसी भी प्रकार का तनाव नहीं दिख रहा था। दोपहर बाद उन्होंने अपने गांव जाने की बात कहकर दफ्तर से आधे दिन की छुट्टी ली। हालांकि, गांव जाने की बजाय वह मेहली स्थित अपने घर गए और वहां यह खौफनाक कदम उठा लिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम और नगर निगम के अधिकारी मौके पर पहुंचे। रामेश्वर को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। वहां मौजूद चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। कसुम्पटी पुलिस चौकी ने मामला दर्ज कर लिया है और शव को पोस्टमार्टम के लिए आईजीएमसी अस्पताल भेज दिया है। पुलिस के अनुसार घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है, इसलिए आत्महत्या के कारणों का अभी तक पता नहीं चल सका है। पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है।
रामेश्वर के इस अचानक उठाए गए कदम से नगर निगम के कर्मचारी और अधिकारी हैरान हैं। मृतक अपने पीछे पत्नी और एक बच्चा छोड़ गए हैं। नगर निगम के तमाम अधिकारियों और कर्मचारियों ने उनके निधन पर गहरा दुख जताते हुए शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त की हैं। बता दें कि शिमला शहर में महज एक सप्ताह के भीतर आत्महत्या का यह दूसरा मामला है। इससे पहले बीते 5 मई को शहर के अनाडेल इलाके में 12वीं कक्षा के एक छात्र ने भी अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली थी।
हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें