Sirmour: राजगढ़ में जमीनी विवाद में खूनी झड़प, क्रॉस केस दर्ज

Edited By Kuldeep, Updated: 04 Apr, 2026 09:44 PM

nahan land dispute assault

पुलिस थाना राजगढ़ के तहत खालटू गांव में जमीनी विवाद को लेकर 2 पक्षों के बीच हुई मारपीट के मामले में पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

नाहन (आशु): पुलिस थाना राजगढ़ के तहत खालटू गांव में जमीनी विवाद को लेकर 2 पक्षों के बीच हुई मारपीट के मामले में पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पहले पक्ष में हरकीरत सिंह पुत्र मेजर दलजीत सिंह निवासी सैक्टर-42सी चंडीगढ़ ने शिकायत दर्ज करवाई कि 3 अप्रैल को वह दर्पण कुमार निवासी गांव व तहसील निरमंड जिला कुल्लू के साथ अपने दोस्त अभिषेक कटोच की जमीन पर लेबर के साथ कंटीली तार लगाने जा रहा था। सुबह करीब 9 बजे जब वे गेट के पास पहुंचे तो स्थानीय निवासी मनमोहन सिंह व ऋषभ चौहान ने उनका रास्ता रोक लिया और डंडों व पत्थरों से हमला कर दिया, जिससे दोनों को चोटें आई हैं। इस शिकायत पर पुलिस ने केस दर्ज किया है।

दूसरे पक्ष में मनमोहन सिंह पुत्र जीत सिंह निवासी गांव खालटू ने शिकायत दर्ज करवाते हुए बताया कि खालटू सड़क के नीचे इनकी पुश्तैनी जमीन है। राजेंद्र रावत ने उससे इसकी जमीन से 6 फुट रास्ता मांगा था, जिसकी बात 12.50 लाख रुपए में हुई थी, लेकिन जब सड़क बनाई गई तो 6 फुट के बजाय 12 से 14 फुट चौड़ी बना दी गई। इसके लिए राजेंद्र रावत ने उसे 5.50 लाख रुपए दिए थे। साथ ही यह भी कहा था कि वह राशि बढ़ाकर 20 लाख रुपए देगा और एक पानी का बोर भी करवाएगा, लेकिन बाद में कोई भुगतान नहीं किया गया। सड़क बनने के बाद उन्होंने पशुओं की सुरक्षा के लिए लिंक रोड पर गेट लगाया था और कई बार भुगतान की मांग की, लेकिन कोई भुगतान नहीं हुआ।

शिकायत के अनुसार 3 अप्रैल को जब वह अपनी गऊशाला गए थे तो सड़क पर एक गाड़ी आकर रुकी, जिसमें हरकीरत सिंह, दर्पण सिंह व लेबर मौजूद थी। जब उनसे कागजात के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा कि उन्होंने 11 लाख रुपए दिए हैं। इसके बाद जबरन गेट के अंदर घुस गए और उन पर व उनके बेटे पर तेज हथियार से हमला कर दिया, जिससे उन्हें चोटें आईं। इस शिकायत पर पुलिस ने केस दर्ज किया है। एसपी सिरमौर एनएस नेगी ने बताया कि दोनों पक्षों की शिकायत पर क्रॉस एफआईआर दर्ज की गई है और मामले की गहनता से जांच की जा रही है। जांच के बाद ही वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।

Related Story

    Trending Topics

    img title
    img title

    Be on the top of everything happening around the world.

    Try Premium Service.

    Subscribe Now!