Edited By Jyoti M, Updated: 13 Apr, 2026 05:16 PM

हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। कॉलेज की द्वितीय वर्ष की छात्रा सिया गुलेरिया की एक युवक ने तेजधार हथियार से हमला कर हत्या कर दी। इस घटना ने पूरे क्षेत्र में शोक और आक्रोश की लहर पैदा कर दी है।
हिमाचल डेस्क। हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। कॉलेज की द्वितीय वर्ष की छात्रा सिया गुलेरिया की एक युवक ने तेजधार हथियार से हमला कर हत्या कर दी। इस घटना ने पूरे क्षेत्र में शोक और आक्रोश की लहर पैदा कर दी है।
कैसे हुई यह घटना?
सिया गुलेरिया रोज की तरह अपने घर से कॉलेज के लिए निकली थी। वह बस स्टॉप की ओर जा रही थी, तभी रास्ते में रिशु नाम के एक युवक ने उस पर हमला कर दिया। बताया जा रहा है कि रिशु नशे का आदी है। उसने तेजधार हथियार से वार कर सिया को मौत के घाट उतार दिया और मौके से फरार हो गया।
सपनों से भरा था सिया का जीवन
सिया केवल पढ़ाई में ही नहीं, बल्कि अन्य गतिविधियों में भी बहुत आगे थी। वह बीवाक (B.Voc) सेकंड ईयर की छात्रा थी और कॉलेज के प्रवक्ताओं की पसंदीदा थी। सिया छात्र संगठन SFI की इकाई उपाध्यक्ष थी और सामाजिक कार्यों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेती थी।
अपनी सहेलियों के बीच वह हमेशा खुशमिजाज रहती थी और घर के कामों में भी अपनी माँ का हाथ बटाती थी।
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
सिया के पिता, जोगिंद्र कुमार, बद्दी में ट्रक चलाकर अपने परिवार का पालन-पोषण कर रहे हैं। उनकी बड़ी बहन भी पिता के साथ बद्दी में नौकरी करती है, जबकि छोटी बहन ने हाल ही में 12वीं की परीक्षा दी है। सिया अपने माता-पिता के सपनों को पूरा करने के लिए कड़ी मेहनत कर रही थी, लेकिन एक सिरफिरे युवक की हरकत ने एक हँसता-खेलता परिवार तबाह कर दिया।
नशे का बढ़ता प्रकोप
इस घटना ने एक बार फिर देवभूमि में बढ़ते नशे के चलन पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों में इस बात को लेकर भारी गुस्सा है कि कैसे एक नशेड़ी युवक ने सरेआम एक छात्रा की जान ले ली। प्रशासन से मांग की जा रही है कि आरोपी को कड़ी से कड़ी सजा दी जाए ताकि भविष्य में ऐसी वारदातों पर रोक लग सके।