गडरिये की भेड़ों की तरह घुमाए जा रहे बागी : सुक्खू

Edited By Kuldeep, Updated: 09 Mar, 2024 10:05 PM

mandi rebel mla public lesson

गडरिये द्वारा भेड़ों की तरह कांग्रेस के अयोग्य घोषित 6 बागी विधायकों को घुमाया जा रहा है। यह बात शनिवार को मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने मंडी अंतर्राष्ट्रीय शिवरात्रि महोत्सव के शुभारंभ समारोह में जनसभा को संबोधित करते हुए कही।

मंडी (रजनीश): गडरिये द्वारा भेड़ों की तरह कांग्रेस के अयोग्य घोषित 6 बागी विधायकों को घुमाया जा रहा है। यह बात शनिवार को मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने मंडी अंतर्राष्ट्रीय शिवरात्रि महोत्सव के शुभारंभ समारोह में जनसभा को संबोधित करते हुए कही। उन्होंने कहा कि पंचकूला से अब बागी विधायकों को ऋषिकेश में भेड़ों की तरह गडरिये द्वारा एक स्थान से दूसरे स्थान पर ले जाया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि आखिरकार ऐसी कौन सी वजह है कि पंचकूला के 5 सितारा होटल से भाजपा चार्टर्ड प्लेन से देहरादून ले गई और वहां ऋषिकेश में एक 7 स्टार होटल में रखा है। उन लोगों ने अंतरात्मा की नहीं बल्कि धन आत्मा की पुकार सुनी और पार्टी तथा जनता को धोखा दिया। उन्होंने कहा कि नेता कोई बढ़ा नहीं होता है जनता के हाथ में ताकत होती है।

उन्होंने कहा कि वह एक आम परिवार से निकलकर जनता के हकों के लिए संघर्ष करते हुए मुख्यमंत्री के पद तक पहुंचे हैं। उनकी कुर्सी किसान के बेटे, कर्मचारी के बेटे की है। यह आम जनता की कुर्सी है और साजिश के साथ इसे छीनने की कोशिश करने वालों को जनता सबक सिखाएगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार पूरी मजबूती से जनता के लिए काम कर रही है। यह सरकार 5 साल चलेगी। उन्होंने कहा कि उनकी लड़ाई लोकतंत्र को बचाने की है। कुछ लोग लोकतंत्र को चुराकर हथियाना चाहते हैं, लेकिन ऐसे लोगों की मंशा पूरी होने वाली नहीं है। उन्होंने कहा कि भाजपा कुर्सी छीनने की कोशिश कर रही है। कुर्सी लुटाने के लिए नहीं है आम जनता की सेवा करने के लिए होती है। सी.एम. ने कहा कि भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ाई लड़ी जा रही है और इस पर कुठाराघात करते रहेंगे। भ्रष्टाचार का पैसा आम जनता की सेवा में वितरित किया जाएगा।

परिवार वालों से मिलने तो दें
पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर पर हमला बोलते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि बागी विधायकों को परिवार से मिलने तो दें। आज बागी विधायकों को जनता का डर कुछ इस कद्र सता रहा है कि वे अपने घर भी वापस नहीं आ रहे हैं। उन्होंने जयराम ठाकुर से आग्रह किया बागी विधायकों को कम से कम अपने परिवारों से तो मिलने दें।

सी.एम. ने जीप से उतरकर भीड़ में वृद्ध महिला को गले लगाया
जलेब के दौरान भी सबसे पीछे मुख्यमंत्री की जीप के आगे पीछे पुलिस का घेरा बना रहा। मुख्यमंत्री ने जलेब में एक बार जीप से उतरकर भीड़ में शामिल एक वृद्ध महिला को गले भी लगाया। लेकिन इसके अलावा किसी को भी सी.एम. के नजदीक आने नहीं दिया गया। ऐसी चर्चा है कि प्रदेश में इस समय राजनीतिक उथल-पुथल का माहौल है, उसको लेकर मीडिया द्वारा कोई सवाल न पूछा जाए। इसी को लेकर मीडिया को दूर रखा गया। यहां तक कि पड्डल मैदान में तो पत्रकारों को मीडिया बाक्स तक भी जाने नहीं दिया गया। मजबूरन कुछ पत्रकारों को कवरेज करने के लिए जमीन पर ही बैठना पड़ा।

सांसद प्रतिभा आज होंगी मुख्यातिथि
मंडी संसदीय क्षेत्र की सांसद एवं कांग्रेस की प्रदेशाध्यक्ष प्रतिभा सिंह रविवार को होने वाले शिवरात्रि मेले की दूसरी सांस्कृतिक संध्या में मुख्यातिथि हाेगी। 11 मार्च काे सांसद मेले में पहुंचे देवी-देवताओं का आशीर्वाद प्राप्त करेंगे।

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!