Edited By Vijay, Updated: 04 Apr, 2026 07:27 PM

हिमाचल प्रदेश में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे जीरो टॉलरैंस अभियान के तहत सोलन पुलिस की विशेष अन्वेषण इकाई (एसआईयू) ने शहर के एक होटल में दबिश देकर वहां ठहरे 3 युवकों को चिट्टे और प्रतिबंधित नशीली गोलियों की खेप के साथ रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।
सोलन (अमित): हिमाचल प्रदेश में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे जीरो टॉलरैंस अभियान के तहत सोलन पुलिस की विशेष अन्वेषण इकाई (एसआईयू) ने शहर के एक होटल में दबिश देकर वहां ठहरे 3 युवकों को चिट्टे और प्रतिबंधित नशीली गोलियों की खेप के साथ रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार एसआईयू टीम को एक गुप्त सूचना मिली थी कि सोलन शहर के एक होटल के कमरा नंबर 6 में कुछ संदिग्ध युवक ठहरे हुए हैं और उनके पास मादक पदार्थ हो सकते हैं। इस पुख्ता सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए रणनीति बनाई और कमरा नंबर 6 में अचानक रेड कर दी। होटल के कमरे में पुलिस को देखकर तीनों युवक घबरा गए। जब पुलिस टीम ने शक के आधार पर उनकी और कमरे की बारीकी से तलाशी ली, तो उनके कब्जे से 6.96 ग्राम चिट्टा और 30 प्रतिबंधित नशीली गोलियां बरामद हुईं। इतनी मात्रा में ड्रग्स मिलने के बाद पुलिस ने तुरंत मादक पदार्थों को कब्जे में ले लिया और तीनों आरोपियों को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया।
पकड़े गए आरोपियों की पहचान सूरज (27) निवासी कुमारसैन (शिमला), वैभव शांडिल (20) और हर्ष दिलटा (27) निवासी कंडाघाट (सोलन) के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगामी कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस अब इन युवकों से सख्ती से पूछताछ कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि वे चिट्टा और प्रतिबंधित गोलियां कहां से खरीद कर लाए थे और इनका मुख्य सप्लायर कौन है। इस गिरफ्तारी से सोलन में सक्रिय नशे के अन्य सौदागरों का भी पर्दाफाश होने की उम्मीद है।
हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें