Edited By Swati Sharma, Updated: 14 Apr, 2026 12:07 PM

Mandi Girl Murder : हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले में हुए सिया गुलेरिया हत्याकांड ने पूरे प्रदेश को झकझोर कर रख दिया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी विकास उर्फ रिशु को दबोच लिया है, जिसे आज मंगलवार को अदालत में पेश किया जा रहा है।...
Mandi Girl Murder : हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले में हुए सिया गुलेरिया हत्याकांड ने पूरे प्रदेश को झकझोर कर रख दिया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी विकास उर्फ रिशु को दबोच लिया है, जिसे आज मंगलवार को अदालत में पेश किया जा रहा है। वहीं, मंगलवार सुबह गमगीन माहौल के बीच 19 वर्षीय छात्रा सिया का उसके गांव के श्मसानघाट में अंतिम संस्कार कर दिया गया। यहां पढ़िए अब तक के बड़े अपडेट्स...
सिया मर्डर केस: अब तक के बड़े अपडेट्स
नृशंस हत्या: सोमवार सुबह करीब 9:15 बजे सरकाघाट के गोपालपुर में 19 वर्षीय कॉलेज छात्रा सिया गुलेरिया की दराट (तेजधार हथियार) से गला काटकर बेरहमी से हत्या कर दी गई। हालांकि वारदात के कुछ ही घंटों बाद पुलिस ने ग्रामीणों के सहयोग से आरोपी विकास उर्फ रिशु को पास के जंगल से ढूंढ निकाला और उसे गिरफ्तार कर लिया।
हुडी पहनकर पहचान छिपाने की थी कोशिश: पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी विकास ने पहचान छिपाने के लिए हुडी पहनी थी। वह एक घर के बाहर लगे सीसीटीवी में कैद हुआ, जिससे पुलिस को उसे पकड़ने में बड़ी मदद मिली। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल किया गया दराट (हथियार) बरामद कर लिया है। वहीं, घटना के बाद गुस्साए लोगों ने सरकाघाट-घुमारवीं हाईवे जाम कर दिया और पुलिस थाने के बाहर नारेबाजी करते हुए आरोपी को फांसी देने की मांग की।
अंतिम संस्कार: मंगलवार सुबह सिया का शव पोस्टमार्टम के बाद उसके पैतृक गांव लाया गया। परिजनों और ग्रामीणों की मौजूदगी में भारी मन और नम आंखों के साथ उसका अंतिम संस्कार कर दिया गया।
यह भी पढ़ेंः- Mandi Murder Case: 3 बहनों में मंझली थी सिया गुलेरिया, आरोपी ने क्यों किया मर्डर? जानें SP ने क्या कहा
परिवार की उम्मीद और संघर्षशील छात्रा : सिया सरकाघाट कॉलेज में वोकेशनल कोर्स (द्वितीय वर्ष) की छात्रा थी और छात्र संगठन एसएफआई (SFI) की सक्रिय कार्यकर्ता भी थी। उसके पिता बद्दी में ट्रक चलाकर परिवार का पालन-पोषण करते हैं। सिया की दो अन्य बहनें भी हैं। बता दें कि पोस्टमार्टम के बाद सोमवार देर रात सिया का शव उसके घर लाया गया था। मंगलवार सुबह गांव के श्मशान घाट में उसका अंतिम संस्कार किया गया, जहां बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे और नम आंखों से उसे विदाई दी गई।
सियासी गलियारों में उबाल और प्रशासनिक प्रतिक्रिया: इस हत्याकांड ने हिमाचल की कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। राज्यपाल कविंद्र गुप्ता ने पुलिस महानिदेशक अशोक तिवारी से मामले की विस्तृत रिपोर्ट मांगी है और इसे देवभूमि के लिए कलंक बताया है। कैबिनेट मंत्री विक्रमादित्य सिंह आज पीड़ित परिवार से मिलने पहुंच रहे हैं। वहीं, डिप्टी सीएम मुकेश अग्निहोत्री ने घटना को 'असहनीय और बर्दाश्त से परे' बताते हुए कड़ी सजा दिलाने का आश्वासन दिया है।
मर्डर मिस्ट्री: इस मामले में सबसे बड़ा सवाल अब भी यही है कि हत्या का कारण क्या था। पुलिस ने अभी तक इस बारे में कोई आधिकारिक खुलासा नहीं किया है एसपी मंडी विनोद कुमार के अनुसार, आरोपी से पूछताछ जारी है और जल्द ही स्पष्ट होगा कि उसने सिया पर इतना घातक हमला क्यों किया। एसपी मंडी विनोद कुमार ने कहा, "पुलिस ने आरोपी को पकड़ लिया है और पूछताछ के जरिए हत्या के पीछे के मुख्य कारणों का पता लगाया जा रहा है।"
प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें