Edited By Vijay, Updated: 05 Apr, 2026 01:29 PM

जिला पुलिस ने नशा तस्करों के खिलाफ चलाए गए अभियान के तहत एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने ऊना मुख्यालय के निकटवर्ती गांव रामपुर में एक व्यक्ति को 81.38 ग्राम चरस के साथ रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।
ऊना (सुरेंद्र): जिला पुलिस ने नशा तस्करों के खिलाफ चलाए गए अभियान के तहत एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने ऊना मुख्यालय के निकटवर्ती गांव रामपुर में एक व्यक्ति को 81.38 ग्राम चरस के साथ रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान अश्विनी कुमार निवासी रामपुर बेला के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।
एसपी ऊना सचिन हिरेमठ ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस को इलाके में नशे की तस्करी को लेकर गुप्त सूचना मिली थी। इसी इनपुट के आधार पर पुलिस टीम ने संतोषगढ़ रोड पर रामपुर बेला के समीप नाकेबंदी कर रखी थी। इसी दौरान संतोषगढ़ से ऊना की तरफ आ रहे एक स्कूटी सवार को चैकिंग के लिए रुकने का इशारा किया गया। सामने पुलिस टीम को देखकर स्कूटी चालक घबरा गया और तुरंत स्कूटी को पीछे मोड़कर भागने का प्रयास करने लगा।
पुलिस टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए उसे तुरंत मौके पर ही दबोच लिया। जब शक के आधार पर उसकी तलाशी ली गई, तो उसके कब्जे से एक लिफाफे के भीतर रखी गई 81.38 ग्राम चरस बरामद हुई। एसपी सचिन हिरेमठ ने कहा कि नशे का कारोबार करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और उससे पूछताछ की जा रही है कि वह यह चरस कहां से लाया था और किसे सप्लाई करने जा रहा था।
हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें