Edited By Kuldeep, Updated: 28 Mar, 2026 10:18 PM

पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष के चलते ऊना जिले के मजारा गांव के निवासी जसविंद्र सिंह शोकर उर्फ शम्मी पुत्र अजायब सिंह की ड्रोन मिसाइल हमले से दुबई में मौत हो गई है।
संतोषगढ़ (मनीश): पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष के चलते ऊना जिले के मजारा गांव के निवासी जसविंद्र सिंह शोकर उर्फ शम्मी पुत्र अजायब सिंह की ड्रोन मिसाइल हमले से दुबई में मौत हो गई है। जानकारी के अनुसार जसविंद्र सिंह लगभग 18 वर्ष से अधिक समय से खाड़ी देशों में ड्राइवर के तौर पर नौकरी कर रहा था और अब बीते डेढ़ वर्ष से वह दुबई में ही कार्यरत था।हादसे से पहले वह वहां के आर्मी कैंप के नजदीक सामान की सप्लाई को गया हुआ था और गाड़ी अनलोड करने से पहले वह गाड़ी में आराम कर रहा था। अचानक हुए ड्रोन मिसाइल हमले में उसकी मौत हो गई। वहां की पुलिस ने शव को अपने कब्जे में ले लिया था और भारत सरकार द्वारा इस मामले में तुरंत की गई कार्रवाई के उपरांत जसविंदर सिंह का शव दिल्ली पहुंच गया है।
परिजन दिल्ली से उसके शव को गांव लेकर आ रहे हैं। उधर, एसडीएम ऊना अभिषेक मित्तल ने बताया कि जसविंदर सिंह का शव दिल्ली पहुंच चुका है और वहां पर उसके परिजनों को शव सौंप दिया गया है। रविवार को जसविंद्र सिंह का अंतिम संस्कार किया जाएगा। जसविंद्र सिंह के परिवार में उसकी पत्नी तथा एक 24 वर्षीय बेटा और एक बेटी है, जिन्हें अभी तक इस घटना की जानकारी नहीं दी गई है।