Edited By Vijay, Updated: 24 May, 2026 10:45 PM

ऊना जिला के तहत बंगाणा पुलिस द्वारा नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत रविवार को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने धुंदला क्षेत्र के एक रिहायशी मकान में औचक छापेमारी की।
बंगाणा (शर्मा): ऊना जिला के तहत बंगाणा पुलिस द्वारा नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत रविवार को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने धुंदला क्षेत्र के एक रिहायशी मकान में औचक छापेमारी की। इस दौरान पुलिस ने घर से भारी मात्रा में मादक पदार्थ, अवैध शराब की खेप, लाखों रुपए की नकदी और विदेशी मुद्रा (अमेरिकी डॉलर) बरामद की है। मामले में एक 27 वर्षीय युवक को हिरासत में लिया गया है।
जानकारी के अनुसार पुलिस को क्षेत्र में नशे के कारोबार को लेकर एक गुप्त सूचना मिली थी। इसके आधार पर एएसआई बलवंत सिंह के नेतृत्व में एक पुलिस टीम का गठन किया गया। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए धुंदला स्थित उक्त रिहायशी मकान में दबिश दी और सघन तलाशी अभियान चलाया। पुलिस तलाशी के दौरान घर से 48.52 ग्राम अफीम और 17.78 ग्राम चरस, 4,69,120 रुपए नकद और 2 अमेरिकी डॉलर बरामद किए, जिन्हें पुलिस ने जांच के दायरे में लिया है। इसके अलावा विभिन्न ब्रांड की भारी मात्रा में शराब मिली है, जिसमें 7 बोतलें संतरा (देसी शराब), 4 बोतलें रॉयल स्टैग, 22 बोतलें रॉयल जनरल और 12 बोतलें एमसी डॉवेल्स (एमएफजी चंडीगढ़) शामिल हैं।
पुलिस ने मौके से इस अवैध कारोबार में संलिप्त आरोपी को हिरासत में लिया है, जिसकी पहचान 27 वर्षीय मनीश कुमार उर्फ मनी के रूप में हुई है। बंगाणा पुलिस थाना प्रभारी रोहित चौधरी ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपी मनीश कुमार के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट तथा आबकारी एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली है। पुलिस अब यह जांच कर रही है कि इस नशे के नैटवर्क के तार कहां-कहां जुड़े हैं और बरामद किए गए अमेरिकी डॉलर का इस मामले में क्या कनैक्शन है।
हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें