Kangra: पालमपुर कृषि विश्वविद्यालय में वेतन व पैंशन में देरी, कर्मचारियों में रोष

Edited By Kuldeep, Updated: 07 Apr, 2026 11:34 PM

palampur agricultural university salaries pensions delay

कृषि विश्वविद्यालय पालमपुर में मार्च माह का वेतन एवं पैंशन 7 अप्रैल तक भी वितरित न होने के कारण कर्मचारियों व पैंशनर्ज में भारी असंतोष व्याप्त है।

पालमपुर (भृगु): कृषि विश्वविद्यालय पालमपुर में मार्च माह का वेतन एवं पैंशन 7 अप्रैल तक भी वितरित न होने के कारण कर्मचारियों व पैंशनर्ज में भारी असंतोष व्याप्त है। नॉन टीचिंग कर्मचारी यूनियन ने इस मुद्दे को गंभीर बताते हुए विश्वविद्यालय प्रशासन से शीघ्र समाधान की मांग की है। यूनियन के जनरल सैक्रेटरी नरेश कुमार शर्मा ने बताया कि हर दूसरे महीने इस प्रकार की स्थिति उत्पन्न हो जाती है, जिससे कर्मचारियों को आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ता है। अप्रैल माह में अधिकांश कर्मचारियों को अपने बच्चों के स्कूल व कॉलेजों में प्रवेश करवाने होते हैं, वहीं कई कर्मचारियों ने बैंक ऋण की किस्तें भी देनी होती हैं। वेतन में देरी के चलते उन्हें बैंक पैनल्टी का सामना करना पड़ता है और डिफाल्टर बनने का खतरा भी बना रहता है।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार के कर्मचारियों को जहां हर महीने पहली तारीख को वेतन मिल जाता है, वहीं विश्वविद्यालय कर्मचारियों को समय पर भुगतान नहीं हो रहा, जो चिंता का विषय है। यूनियन ने विश्वविद्यालय प्रशासन से मांग की है कि वेतन व पैंशन का भुगतान पहली तारीख को सुनिश्चित किया जाए। सूत्रों के अनुसार इस संबंध में विश्वविद्यालय के कुछ अधिकारी पिछले दो दिनों से शिमला में डटे हुए हैं ताकि भुगतान प्रक्रिया को शीघ्र पूरा किया जा सके, लेकिन समाचार लिखे जाने तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि वेतन व पैंशन कब तक जारी होगी। कर्मचारियों ने चेतावनी दी है कि यदि समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया तो भविष्य में आंदोलन का रास्ता अपनाया जा सकता है।

 

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!