Edited By Jyoti M, Updated: 15 Apr, 2026 03:56 PM

भोरंज के विधायक सुरेश कुमार और मुख्यमंत्री के राजनीतिक सलाहकार सुनील शर्मा बिट्टू ने उपायुक्त कार्यालय परिसर में विस्तारीकरण एवं सौंदर्यीकरण कार्यों के द्वितीय चरण का भूमि पूजन किया।
हमीरपुर। भोरंज के विधायक सुरेश कुमार और मुख्यमंत्री के राजनीतिक सलाहकार सुनील शर्मा बिट्टू ने उपायुक्त कार्यालय परिसर में विस्तारीकरण एवं सौंदर्यीकरण कार्यों के द्वितीय चरण का भूमि पूजन किया। भूमि पूजन के बाद उन्होंने पूरे परिसर में विस्तारीकरण एवं सौंदर्यीकरण की संभावनाओं का जायजा लिया और अधिकारियों को दिशा-निर्देश जारी किए।
पूरे परिसर के निरीक्षण के बाद पत्रकारों से बातचीत के दौरान सुरेश कुमार ने कहा कि हमीरपुर शहर के बीचों-बीच किसी सार्वजनिक कार्यक्रम के आयोजन के लिए उपयुक्त एवं पर्याप्त जगह उपलब्ध नहीं है। उन्होंने बताया कि पिछले वर्ष अंबेदकर जयंती के उपलक्ष्य पर उपायुक्त कार्यालय परिसर में संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेदकर की प्रतिमा के अनावरण समारोह के दौरान मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने इस परिसर के विस्तार एवं सौंदर्यीकरण के संबंध में महत्वपूर्ण निर्देश दिए थे।
सुरेश कुमार ने बताया कि मुख्यमंत्री के इन्हीं निर्देशों की अनुपालना के तहत उपायुक्त कार्यालय परिसर के प्रांगण का विस्तार एवं सौंदर्यीकरण किया जाएगा। इसमें मंच, शैड एवं शौचालय के निर्माण के साथ-साथ लगभग 1000 लोगों के बैठने की व्यवस्था की जाएगी और आने वाले समय में इसकी क्षमता 2000 तक बढ़ाने की दिशा में कार्य किया जाएगा। इससे उपायुक्त कार्यालय परिसर में ही बड़े सार्वजनिक कार्यक्रमों का आयोजन संभव हो सकेगा और यहां प्रतिदिन अपने आवश्यक कार्यों के सिलसिले में आने वाले आम लोगों को भी काफी सुविधा होगी। शहरवासी भी सुबह-शाम इस परिसर में अच्छा समय व्यतीत कर सकेंगे।
इस अवसर पर कृषि विपणन बोर्ड के अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया, कांगड़ा सहकारी प्राथमिक कृषि एवं ग्रामीण विकास बैंक के अध्यक्ष राम चंद्र पठानिया, एपीएमसी अध्यक्ष अजय शर्मा, जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुमन भारती शर्मा, पूर्व विधायक मनजीत डोगरा, उपायुक्त गंधर्वा राठौड़, एसपी बलवीर सिंह, एडीसी अभिषेक गर्ग, नगर निगम के आयुक्त राकेश शर्मा, पीडब्ल्यूडी के मुख्य अभियंता विजय चौधरी, अन्य अधिकारी तथा कांग्रेसी नेता भी उपस्थित थे।